ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे हादसे में घायल श्रमिक की भी मौत
खेकड़ा में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे पर आठ दिन पहले हुए सड़क हादसे में घायल दूसरे श्रमिक की भी उपचार के दौरान मौत हो गई है। हादसे के लिए टेंपो चालक को जिम्मेदार ठहराते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे हादसे में घायल श्रमिक की भी मौत
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे पर आठ दिन पहले हुए सड़क हादसे में घायल दूसरे श्रमिक की भी उपचार के दौरान मौत हो गई है। हादसे के लिए टेंपो चालक को जिम्मेदार ठहराते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मथुरा निवासी दो भाई कृष्णा और लायक तथा हाथरस जिले का रहने वाला जयपाल हरियाणा के पानीपत स्थित रिफाइनरी में एक ठेकेदार के अधीन कार्य करते थे। 18 अक्टूबर को तीनों कुछ अन्य साथियों के साथ दीपावली मनाने के लिए कंपनी से लोडिंग टेंपो में सवार होकर मथुरा के लिए निकले थे। 19 अक्टूबर की सुबह ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे पर टेंपो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और पलट गया। हादसे में कृष्णा की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि लायक और जयपाल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को मेरठ के सरदार वल्लभभाई पटेल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां अब उपचार के दौरान जयपाल ने भी दम तोड़ दिया। मृतक कृष्णा के भाई राजेश ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए टेंपो चालक को हादसे का जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि चालक ने टेंपो को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। कोतवाल प्रभाकर कैंतूरा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।