थाना वेब सिटी पुलिस ने IMS इंजीनियरिंग कॉलेज में किया अपराध जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
थाना वेब सिटी पुलिस टीम द्वारा नये आपराधिक कानूनों के प्रति जागरूकता अभियान 2.0 के अंतर्गत IMS इंजीनियरिंग कॉलेज, दासना चौकी क्षेत्र में गुरुवार को एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्रों को नये आपराधिक कानूनों, साइबर अपराध, महिलाओं की सुरक्षा एवं न्याय प्रणाली से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
तेजेश चौहान, तेजस
थाना वेब सिटी पुलिस ने IMS इंजीनियरिंग कॉलेज में किया अपराध जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
गाज़ियाबाद। थाना वेब सिटी पुलिस टीम द्वारा नये आपराधिक कानूनों के प्रति जागरूकता अभियान 2.0 के अंतर्गत IMS इंजीनियरिंग कॉलेज, दासना चौकी क्षेत्र में गुरुवार को एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्रों को नये आपराधिक कानूनों, साइबर अपराध, महिलाओं की सुरक्षा एवं न्याय प्रणाली से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।

पुलिस आयुक्त एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) के निर्देशानुसार चल रहे इस चार दिवसीय जागरूकता अभियान के अंतर्गत पुलिस अधिकारी मंच से छात्रों से संवाद कर रहे हैं। कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक अभियोजन प्रजेश कुमार पाण्डेय, वेब सिटी के सहायक पुलिस आयुक्त प्रियाश्री पाल, रिटायर्ड वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी शिव शंकर सिंह तथा थाना वेब सिटी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने छात्रों को ZERO FIR, E-FIR, महिला सुरक्षा कानून, साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन फ्रॉड की पहचान, सोशल मीडिया के दुरुपयोग तथा डिजिटल प्राइवेसी के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही तकनीकी अपराधों में फॉरेंसिक की भूमिका पर विशेष चर्चा हुई।

कार्यक्रम में कॉलेज निदेशक डॉ. संजीव जैन सहित शिक्षक व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन ने युवाओं से अपील की कि वे कानून के प्रति जागरूक रहें और अपने साथ-साथ समाज को भी जागरूक बनाने में सहयोग करें।