सैनिक की तरह अर्थव्यवस्था की रक्षा करता है व्यापारीःविकास जैन
दानवीर भामाशाह जयंती पर हुआ व्यापारी कल्याण दिवस
नोएडा के सेक्टर 148 स्थित राज्य कर कार्यालय में व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम दानवीर भामाशाह की जयंती के उपलक्ष्य पर राज्य कर विभाग और संस्कृतिक विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर दादरी विधायक तेजपाल नागर मौजूद रहे।

उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने कहा कि जिस प्रकार सैनिक देश की सीमा पर रक्षा करता है। उसी प्रकार व्यापारी अपनी मूल कमाई से टैक्स देकर देश की अर्थव्यवस्था की रक्षा करता है। व्यापारी और अधिकारियों में दिया और बाती का रिश्ता होता है। बाती की तरह खुद को खपाकर व्यापारी टैक्स के माध्यम से देश को रोशन करता है। वहीं, विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर के आर्थिक विकास में व्यापारियों का अहम योगदान है। सभी को भामाशाह के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सहयोगी बनना चाहिए। उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा जीएसटी संग्रह गौतमबुद्ध नगर से होता है। व्यापारियों की किसी भी प्रकार की समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा। इस मौके पर जॉइंट कमिश्नर योगेश विजय, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह, व्यापार मंडल के पदाधिकारी सचिन गोयल, शक्ति सिंह, मनीष शर्मा, विवेक अग्रवाल और सुरेंद्र नाहटा समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।