उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल ने की डीएम के साथ बैठक
आगामी बारिश के मौसम को देखते हुए साइट-4 (ग्रेटर नोएडा) समेत सेक्टर 115, सेक्टर 49 और बरौला गांव के साथ ही एलिवेटेड रोड के नीचे की सड़कें पूरी तरह जर्जर

सूरजपुर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के सभागार में उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी मेधा रूपम के साथ एक बैठक की। यह बैठक उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के व्यापारियों, उद्यमियों, छात्रों और आम लोगों की समस्याओं को प्रमुखता के साथ रखा। वहीं, इन सभी समस्याओं के जल्द से जल्द समाधान की भी मांग की।
उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने बताया कि शहर में व्यवस्थाओं के नाम पर जनता और व्यापारियों को काफी ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़कें टूटी हुई नजर आ रही हैं। बुनियादी ढांचा भी पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है। जिम्मेदार अधिकारियों के सीयूजी नंबर पिछले कई महीनों से बंद पड़े हुए हैं। ऐसे में व्यापारी अपनी समस्याओं का समाधान नहीं करवा पा रहा है। आगामी बारिश के मौसम को देखते हुए साइट-4 (ग्रेटर नोएडा) समेत सेक्टर 115, सेक्टर 49 और बरौला गांव के साथ ही एलिवेटेड रोड के नीचे की सड़कें पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं। बारिश से पहले यदि बंद पड़े नालों को साफ नहीं कराया गया तो लोगों को जलभराव की स्थिति का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कहा कि वह जल्द ही एक विशेष अभियान शुरू करने जा रही हैं। जिसके माध्यम से एक दिन व्यापारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक टेबल पर बैठक की जाएगी। इस बैठक के दौरान व्यापारियों की समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा। अधिकारियों द्वारा मौके पर ही समस्याओं का निस्तारण भी कराया जाएगा। इस मौके पर उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन, चेयरमैन नवनीत गुप्ता, ग्रेटर नोएडा अध्यक्ष सचिन गोयल, प्रदेश उपाध्यक्ष निखिल अग्रवाल, मनोज गोयल, पवन बंसल, मनोज भाटी और अंशुमन नागर समेत कई लोग मौजूद रहे।