गाजियाबाद में ‘सांसद एवं विधायक खेल स्पर्धा’ को लेकर बैठक, निर्देश जारी
तेजस न्यूज संवाददाता
गाजियाबाद में ‘सांसद एवं विधायक खेल स्पर्धा’ को लेकर बैठक, निर्देश जारी
गाजियाबाद।

जिलाधिकारी कार्यालय में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में “ सांसद एवं विधायक खेल स्पर्धा” के सफल आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में आगामी खेल प्रतियोगिताओं को विधानसभा क्षेत्र स्तर पर भव्य और सुव्यवस्थित रूप से आयोजित करने पर चर्चा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में होने वाली खेलकूद प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों का पंजीकरण समय से कराया जाए तथा प्रतियोगिताओं की व्यवस्था राष्ट्रीय स्तर की तर्ज पर की जाए। साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला क्रीड़ा अधिकारी को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि गाजियाबाद जनपद के सभी स्कूल/कॉलेज सक्रिय रूप से प्रतिभाग करें।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो-दो विद्यालयों/महाविद्यालयों का चयन किया जाएगा, जहां विधायक खेल स्पर्धा आयोजित होगी। वहीं जनपद स्तरीय सांसद खेल स्पर्धा का आयोजन महमाया स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया जाएगा।
प्रतियोगिताओं के सुचारू संचालन हेतु जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी को जिला स्तरीय अधिकारियों की एक कोर कमेटी गठित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला क्रीड़ा अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, स्काउट गाइड के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।