कुणाल रेजिडेंसी में चौथी मंजिल से बेसमेंट में जा गिरी लिफ्ट, चार लोग घायल
। थाना विजयनगर क्षेत्र के सेक्टर-12 स्थित कुणाल रेजिडेंसी में मंगलवार देर शाम बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां चौथी मंजिल से लिफ्ट अचानक टूटकर सीधे बेसमेंट में जा गिरी। लिफ्ट में उस समय कुल चार लोग सवार थे, जो हादसे के बाद स्तब्ध रह गए और उन्हें गुम चोटें भी आई हैं।
तेजस न्यूज संवाददाता
कुणाल रेजिडेंसी में बड़ी लापरवाहीः चौथी मंजिल से बेसमेंट में जा गिरी लिफ्ट, चार लोग घायल
थाना विजयनगर क्षेत्र के सेक्टर-12 स्थित कुणाल रेजिडेंसी में मंगलवार देर शाम बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां चौथी मंजिल से लिफ्ट अचानक टूटकर सीधे बेसमेंट में जा गिरी। लिफ्ट में उस समय कुल चार लोग सवार थे, जो हादसे के बाद स्तब्ध रह गए और उन्हें गुम चोटें भी आई हैं।

जानकारी के अनुसार R-2/322 फ्लैट नंबर 9 में रहने वाले 35 वर्षीय मनीष, उनकी पत्नी 32 वर्षीय गुंजन और R-3/322 निवासी विनायक तथा R-2/322 के फ्लैट नंबर 3 में रहने वाले नमन भी लिफ्ट में मौजूद थे। लिफ्ट के गिरने से सभी को हल्की चोटें आईं, हालांकि गनीमत रही कि कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और बिल्डर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। वहाँ रहने वाले लोगों का कहना है कि कॉलोनी की लिफ्ट आए दिन खराब रहती है। कई बार शिकायत करने के बावजूद बिल्डर न तो स्थायी समाधान करता है और न ही समय पर रखरखाव करवाता है। लोगों ने बताया कि शुरुआती शिकायतों पर सुधार का आश्वासन तो दिया गया, लेकिन लंबे समय से बिल्डर इस ओर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दे रहा।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि हादसे के बाद जब बिल्डर को फोन कर स्थिति की जानकारी दी गई, तो भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। मजबूर होकर उन्होंने थाना विजयनगर में बिल्डर के खिलाफ तहरीर दी है, जिसमें लिफ्ट की खराबी और रखरखाव में बरती गई लापरवाही को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
वहाँ रह रहे लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए बिल्डर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और सोसाइटी की लिफ्टों का तत्काल निरीक्षण कराया जाए।