पुलिस ने चोरी की घटनाओं का किया खुलासा, तीन चोर गिरफ्तार
गौना और लहचौड़ा गांव में हाल ही में हुई चोरी की दो बड़ी घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लाखों रुपये के सोने चांदी के आभूषण और नगदी बरामद की है। तीनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने चोरी की घटनाओं का किया खुलासा, तीन चोर गिरफ्तार
- नशे की लत पूरी करने के लिए देते थे वारदातों को अंजाम
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
गौना और लहचौड़ा गांव में हाल ही में हुई चोरी की दो बड़ी घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लाखों रुपये के सोने चांदी के आभूषण और नगदी बरामद की है। तीनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
गौना निवासी रोहित ने तहरीर में बताया था कि 7 दिसंबर की रात लगभग 1 बजे तीन अज्ञात चोर घर में घुसे और अलमारी का ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण और करीब एक लाख रुपये नगद लेकर फरार हो गए थे। इसके अलावा लहचौड़ा निवासी नीरज ने भी तहरीर दी थी कि 6 दिसंबर की रात उसके मकान में रखे संदूक का ताला तोड़कर चोर सोने चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। इन मामलों की जांच में जुटी चांदीनगर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। बीती रात पुलिस ने फुलैरा के समीप चेकिंग के दौरान रटौल निवासी कृष्ण, फुरकान और प्रिंस को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से मिले सोने चांदी के आभूषण और नगदी की कुल कीमत 12 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है। सीओ रोहन चौरसिया ने बताया कि पकड़े गए तीनों युवक नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। उनके खिलाफ गाजियाबाद और बागपत जनपद में भी पूर्व में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपियों ने भागौट और विनयपुर में हुई तार चोरी की घटनाओं को भी स्वीकार किया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।