फर्जीवाड़े का बड़ा खुलासा: दूसरे के प्लॉट पर जालसाजी कर लिया लाखों का लोन, एक आरोपी गिरफ्तार
खेकड़ा कस्बे में जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जालसाजों ने एक व्यक्ति के कीमती प्लॉट के फर्जी दस्तावेज तैयार कर बैंक से लाखों रुपये का लोन हासिल कर लिया। मामले का खुलासा होने पर पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
फर्जीवाड़े का बड़ा खुलासा: दूसरे के प्लॉट पर जालसाजी कर लिया लाखों का लोन, एक आरोपी गिरफ्तार
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
कस्बे में जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जालसाजों ने एक व्यक्ति के कीमती प्लॉट के फर्जी दस्तावेज तैयार कर बैंक से लाखों रुपये का लोन हासिल कर लिया। मामले का खुलासा होने पर पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कस्बे के मोहल्ला अहिरान निवासी प्रवीण द्विवेदी का कस्बे में एक कीमती प्लॉट है। आरोप है कि छह लोगों के एक गिरोह ने सुनियोजित साजिश के तहत उस प्लॉट के फर्जी कागजात तैयार किए और उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर बैंक से लाखों रुपये का ऋण स्वीकृत करा लिया। काफी समय बाद जब इस धोखाधड़ी की जानकारी असली मालिक को हुई तो उसके होश उड़ गए।
पीड़ित प्रवीण द्विवेदी ने मामले की शिकायत कोतवाली में दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में जुट गई। जांच के दौरान पुलिस को अहम सफलता हाथ लगी। मंगलवार को पुलिस ने मामले में शामिल एक आरोपी मिंटू, निवासी कुरालसी, मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी का चालान कर न्यायालय में पेश कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे फर्जीवाड़े के नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है। इस घटना ने संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की सुरक्षा और बैंकिंग प्रक्रिया पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।