मुंडन की खुशियां मातम में बदलीं, ईस्टर्न पेरीफेरल पर हादसे में मासूम समेत दो की मौत
घर में मुंडन संस्कार की खुशियां मनाने जा रहे परिवार को रास्ते में ऐसा दर्दनाक हादसा झेलना पड़ा कि खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। मंगलवार रात ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर खेकड़ा के पास हुए भीषण सड़क हादसे में 11 माह की मासूम बच्ची और कैंटर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्ची की बड़ी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
मुंडन की खुशियां मातम में बदलीं, ईस्टर्न पेरीफेरल पर हादसे में मासूम समेत दो की मौत
- परिवार के साथ गांव जा रही 11 माह की बच्ची ने तोड़ा दम, बड़ी बहन गंभीर घायल
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
घर में मुंडन संस्कार की खुशियां मनाने जा रहे परिवार को रास्ते में ऐसा दर्दनाक हादसा झेलना पड़ा कि खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। मंगलवार रात ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर खेकड़ा के पास हुए भीषण सड़क हादसे में 11 माह की मासूम बच्ची और कैंटर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्ची की बड़ी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
कासगंज के छिछोरा गांव निवासी लालू नरेला, दिल्ली में नौकरी करता है और अपनी पत्नी व दो बेटियों के साथ वहीं रहता है। मंगलवार को वह अपनी 11 माह की छोटी बेटी शिवांशी का मुंडन संस्कार कराने के लिए पत्नी और दोनों बेटियों के साथ कैंटर से गांव जा रहा था। बताया गया कि रात में उनका कैंटर ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर खेकड़ा क्षेत्र में पहुंचा। इसी दौरान आगे चल रहे एक कैंटर के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे से आ रहा कैंटर अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कैंटर में जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि कैंटर चालक टिंकू और मुंडन संस्कार के लिए गांव जा रही 11 माह की मासूम शिवांशी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में शिवांशी की बड़ी बहन तनिष्का गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल तनिष्का को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद गमगीन परिजन दोनों शवों को अपने गांव ले गए। जिस घर में मासूम के मुंडन संस्कार की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा हुआ है।