जयंत चौधरी को धमकी पर खापों का उबाल, सुरक्षा कड़ी करने की उठी मांग
खेकड़ा नगर के अर्वाचीन स्कूल परिसर में खाप चौधरियों की अहम बैठक आयोजित हुई, जिसमें केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को मिली जान से मारने की धमकी को लेकर गहरी चिंता जताते हुए तीखा विरोध दर्ज कराया गया।
जयंत चौधरी को धमकी पर खापों का उबाल, सुरक्षा कड़ी करने की उठी मांग
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
नगर के अर्वाचीन स्कूल परिसर में खाप चौधरियों की अहम बैठक आयोजित हुई, जिसमें केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को मिली जान से मारने की धमकी को लेकर गहरी चिंता जताते हुए तीखा विरोध दर्ज कराया गया।
बैठक में धामा खाप खेकड़ा के चौधरी जितेंद्र धामा ने कहा कि जयंत चौधरी की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सरकार से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इस घटना से पूरे बागपत जनपद में आक्रोश व्याप्त है। खेकड़ा खाप ब्राह्मण समाज के चौधरी उमेश शर्मा ने कहा कि जयंत चौधरी एक प्रतिष्ठित और स्वच्छ छवि वाले परिवार से संबंध रखते हैं, जिन्होंने हमेशा समाज को जोड़ने का कार्य किया है। ऐसे नेता को धमकी देना अत्यंत निंदनीय है और समाज इसे बर्दाश्त नहीं करेगा। भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रभारी चौधरी विनोद कुमार ने कहा कि किसान संगठन पूरी मजबूती के साथ जयंत चौधरी के समर्थन में खड़ा है और दोषियों के खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। सभासद गजेंद्र धामा ने कहा कि इस घटना से बागपत लोकसभा क्षेत्र के मतदाताओं में गहरा रोष है। वहीं थाम्बेदार चौधरी राजेश शर्मा और चौधरी बृजपाल कौशिक ने भी इस कृत्य को शर्मनाक बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की। बैठक में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों ने भाग लेकर घटना के प्रति नाराजगी जाहिर की और सरकार से जयंत चौधरी की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की अपील की।