पूर्व राज्यपाल ने किया एनसीएफ के कैंप कार्यालय का उद्घाटन
प्राधिकरण की बोर्ड बैठकों में जनभागीदारी की एनसीएफ ने उठाई मांग
नोएडा के सेक्टर 14 में नोएडा सिटीजन फोरम (एनसीएफ) के कैंप कार्यालय का उद्घाटन पूर्व राज्यपाल और भाजपा के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र ने किया। यह कार्यक्रम एनसीएफ की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान एनसीएफ के पदाधिकारियों ने शहर की कई समस्याओं के बारे में विस्तार से चर्चा की।

एनसीएफ की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह ने कहा कि किसी भी शहर के समग्र विकास में जागरूक और संगठित नागरिक समाज की एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। एनसीएफ का नया कैंप कार्यालय केवल एक कार्यालय नहीं है। बल्कि, आम लोगों की समस्याओं के समाधान, जनसंवाद, सामाजिक सहभागिता और जनहित के कार्यों का प्रभावी केंद्र बनेगा। एनसीएफ की तरफ से मांग की गई है कि नोएडा प्राधिकरण की बोर्ड बैठकों में जनप्रतिनिधियों औऱ सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इस मांग को जल्द से जल्द मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष एनसीएफ के प्रतिनिधियों द्वारा प्रमुखता के साथ रखा जाएगा। नोएडा में ग्राम पंचायत व्यवस्था को दोबारा बहाल किया जाए। इसके अलावा आरडब्ल्यूए और एओए को संवैधानिक अधिकार दिए जाने की भी मांग रखी। इस मौके पर आरा की पूर्व सांसद मीना सिंह, उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद के अध्यक्ष और दर्जा प्राप्त मंत्री कैप्टन विकास गुप्ता, बिस्कोमान के अध्यक्ष विशाल सिंह, पूर्व रक्षा सचिव और एनसीएफ के चेयरमैन डॉ. योगेंद्र नारायण, एनईए अध्यक्ष विपिन मल्हन, नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी, डीडीआरडब्ल्यूए के अध्यक्ष एनपी सिंह, फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, नोएडा लोकमंच के महासचिव महेश सक्सेना, ब्राह्मण समाज महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश मिश्रा, एनसीएफ के महासचिव प्रशांत त्यागी, सचिव गरिमा त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष प्रदीप यादव, सचिव गिरीश कपूर और अनीता अरोरा समेत कई लोग मौजूद रहे।