देश विरोधी गतिविधियों में शामिल गिरोह का भंडाफोड़, 3 और आरोपी गिरफ्तार
तेजस न्यूज संवाददाता
देश विरोधी गतिविधियों में शामिल गिरोह का भंडाफोड़, 3 और आरोपी गिरफ्तार
गोपनीय सूचनाएं विदेश भेजने का मामला, कुल गिरफ्तारियां 21 पहुंचीं
गाजियाबाद। थाना कौशांबी पुलिस एवं विशेष अनुसंधान दल (SIT) ने देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह सुरक्षा बलों के ठिकानों, रेलवे स्टेशनों और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों की फोटो व वीडियो बनाकर विदेश भेजने का काम करता था।

मामले का खुलासा 14 मार्च 2026 को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर हुआ, जिसमें भोवापुर क्षेत्र के कुछ युवकों की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली थी। जांच के दौरान पाया गया कि ये युवक सोशल मीडिया के जरिए लोगों को लालच देकर इस काम में शामिल करते थे।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पहले चरण में 5 पुरुष और 1 महिला को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के मोबाइल फोन से महत्वपूर्ण स्थानों की फोटो, वीडियो और लोकेशन डेटा बरामद हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों के निर्देशन में SIT का गठन किया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह का संचालन सीमा पार से किया जा रहा था। अब तक की कार्रवाई में कुल 21 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। हाल ही में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान समीर उर्फ शूटर, समीर पुत्र शहजाद और शिवराज के रूप में हुई है।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए संपर्क में आए और धीरे-धीरे उन्हें संवेदनशील स्थानों की रेकी कर फोटो-वीडियो भेजने का काम सौंपा गया। इसके बदले उन्हें पैसे दिए जाते थे। एक आरोपी ने बताया कि उसे एक कार्य के लिए 5000 रुपये तक मिले।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पहले से दर्ज मुकदमे में अब गैरकानूनी गतिविधि (निवारण) अधिनियम (UAPA) की धारा 18 भी बढ़ा दी गई है। मामले की जांच जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह नेटवर्क देश की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता था, जिसे समय रहते ध्वस्त कर दिया गया।