बुकिंग के बावजूद एलपीजी सप्लाई ना मिलने से घरों में चूल्हे ठंडे
खेकड़ा कस्बे में रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत से परेशान उपभोक्ताओं का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। बुकिंग और डीएसी नंबर मिलने के बावजूद सिलेंडर न मिलने से नाराज उपभोक्ता कोतवाली पहुंचे और एजेंसी पर ब्लैक में गैस बेचने के गंभीर आरोप लगाए।
बुकिंग के बावजूद एलपीजी सप्लाई ना मिलने से घरों में चूल्हे ठंडे
- गैस सिलेंडर न मिलने से भड़के उपभोक्ता, कोतवाली में लगाई गुहार, ब्लैक में बिक्री के आरोप,
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
कस्बे में रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत से परेशान उपभोक्ताओं का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। बुकिंग और डीएसी नंबर मिलने के बावजूद सिलेंडर न मिलने से नाराज उपभोक्ता कोतवाली पहुंचे और एजेंसी पर ब्लैक में गैस बेचने के गंभीर आरोप लगाए।
उपभोक्ता राजकुमार, उमेश शर्मा, प्रवीण, सोनू, दिलशाद और मनीष समेत कई लोगों ने कोतवाली प्रभारी को शिकायत देते हुए बताया कि उन्होंने समय पर गैस सिलेंडर बुक कराए थे और उन्हें डीएसी नंबर भी जारी हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद एजेंसी संचालक उन्हें सिलेंडर उपलब्ध नहीं करा रहे। आरोप है कि उनकी बुकिंग वाले सिलेंडरों को अवैध रूप से ब्लैक में बेचा जा रहा है। उपभोक्ताओं ने कहा कि गैस की अनुपलब्धता के कारण उनके घरों में खाना बनना मुश्किल हो गया है और परिवारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों तक को भूखे रहने की नौबत आ रही है। पीड़ितों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर ब्लैक मार्केटिंग पर रोक लगाने और उनके बुक किए गए सिलेंडरों की जल्द आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की। इस पर कोतवाली प्रभारी ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।