रामनवमी पर मुबारिकपुर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भव्य परिक्रमा यात्रा के साथ हुई प्राण प्रतिष्ठा
मुबारिकपुर गांव स्थित दुर्गा मंदिर में रामनवमी के पावन अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माँ अन्नपूर्णा देवी और शनिदेव की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा भव्य रूप से संपन्न कराई गई।
रामनवमी पर मुबारिकपुर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भव्य परिक्रमा यात्रा के साथ हुई प्राण प्रतिष्ठा
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
मुबारिकपुर गांव स्थित दुर्गा मंदिर में रामनवमी के पावन अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माँ अन्नपूर्णा देवी और शनिदेव की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा भव्य रूप से संपन्न कराई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना से हुई, जिसके बाद पूरे गांव में भव्य परिक्रमा यात्रा निकाली गई। यात्रा में शामिल श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के साथ आगे बढ़े, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। गांव का भ्रमण करते हुए यात्रा पुनः मंदिर परिसर पहुंची, जहां विधिवत समापन हुआ। मंदिर में पंडित सुशील शास्त्री ने वैदिक मंत्रों के साथ पूजा संपन्न कराई। इस दौरान हवन-यज्ञ का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुति देकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। कार्यक्रम के उपरांत आयोजित भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। आयोजन में अमित त्यागी, विकास, रामभूल त्यागी, निरंकार त्यागी, कृष्णा त्यागी, नरेंद्र त्यागी, विनेश त्यागी, अरुण कुमार और मोहित त्यागी सहित अनेक ग्रामीणों की सहभागिता रही।