वाहनों के अभाव में दम तोड़ रही बच्चों की स्वास्थ्य जांच, दो माह से ठप हैं आरबीएसके की 12 टीमें

बागपत जनपद में करीब दो लाख बच्चों के स्वास्थ्य की देखभाल करने वाली राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की 12 टीमें खुद बदहाली का शिकार हो गई हैं। वाहनों के अभाव में इन टीमों का कामकाज पिछले एक माह से प्रभावित है। हालात यह हैं कि स्वास्थ्य विभाग के पास बजट नहीं होने के कारण टीमों के वाहन खड़े हैं और चिकित्सक स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इसका सीधा असर हजारों बच्चों की स्वास्थ्य जांच पर पड़ रहा है।

वाहनों के अभाव में दम तोड़ रही बच्चों की स्वास्थ्य जांच, दो माह से ठप हैं आरबीएसके की 12 टीमें

वाहनों के अभाव में दम तोड़ रही बच्चों की स्वास्थ्य जांच, दो माह से ठप हैं आरबीएसके की 12 टीमें
- छह ब्लॉकों की 12 टीमों के पास नहीं हैं वाहन, स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचना हुआ मुश्किल
- 1338 आंगनबाड़ी केंद्रों और 700 स्कूलों के करीब दो लाख बच्चों की स्वास्थ्य जांच प्रभावित
- बजट के अभाव में खड़े हुए वाहन, बीमारियों की पहचान और समय पर उपचार की व्यवस्था पर लगा ब्रेक
बागपत, तेजस न्यूज रिपोर्टर
जनपद में करीब दो लाख बच्चों के स्वास्थ्य की देखभाल करने वाली राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की 12 टीमें खुद बदहाली का शिकार हो गई हैं। वाहनों के अभाव में इन टीमों का कामकाज पिछले एक माह से प्रभावित है। हालात यह हैं कि स्वास्थ्य विभाग के पास बजट नहीं होने के कारण टीमों के वाहन खड़े हैं और चिकित्सक स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इसका सीधा असर हजारों बच्चों की स्वास्थ्य जांच पर पड़ रहा है।
जिले के छह ब्लॉकों में संचालित आरबीएसके की 12 टीमों के माध्यम से 1338 आंगनबाड़ी केंद्रों और करीब 700 स्कूलों में बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जाती है। इन टीमों की जिम्मेदारी बच्चों में जन्मजात विकृतियों, गंभीर बीमारियों और पोषण संबंधी समस्याओं की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना है। लेकिन पिछले एक माह से वाहन नहीं मिलने के कारण टीमों की नियमित आवाजाही प्रभावित हो गई है। इससे बच्चों की जांच और उपचार की प्रक्रिया भी बाधित हो रही है। आरबीएसके की टीमें केवल स्वास्थ्य जांच तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बच्चों को आयरन की गोलियां, सैनिटरी पैड, चश्मा वितरण और किशोर स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता भी उपलब्ध कराती हैं। किसी बच्चे में गंभीर बीमारी मिलने पर उसे जिला अस्पताल से लेकर मेरठ मेडिकल कॉलेज तक उपचार के लिए भेजने की व्यवस्था भी इन्हीं टीमों के माध्यम से की जाती है। वाहन नहीं होने से इन सुविधाओं का लाभ बच्चों तक पहुंचाना चुनौती बन गया है।
बजट के अभाव में खड़े हुए वाहन
आरबीएसके कार्यक्रम के जिला प्रबंधक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि वाहनों के संचालन के लिए बजट नहीं मिलने से परेशानी हो रही है। दीपावली के बाद से ही वाहनों का संचालन बंद होने की स्थिति बनी हुई है। बजट मिलने पर ही वाहनों का संचालन सुचारु हो सकेगा। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तीरथ लाल का कहना है कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत होने वाले कार्य के लिए गाड़ियों के संचालन के लिए बजट की डिमांड की गई है। उम्मीद है कि जल्द बजट मिल जाएगा, जिसके बाद वाहनों का संचालन शुरू करा दिया जाएगा।