विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
खेकड़ा कस्बे में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने सनसनी फैला दी है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।
विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
कस्बे में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने सनसनी फैला दी है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।
दिल्ली के करावल नगर निवासी आशु की करीब छह माह पूर्व खेकड़ा की वाल्मीकि बस्ती के एक युवक से शादी हुई थी। यह दोनों की दूसरी शादी थी। आशु के पहले विवाह से तीन बच्चे भी हैं। बताया गया कि 28 मार्च को आशु की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने मायके वालों को बिना सूचना दिए ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। इस मामले में बुधवार को मृतका की मां कविता ने कोतवाली पहुंचकर ससुरालियों के खिलाफ तहरीर दी, जिसमें हत्या और साक्ष्य छिपाने का आरोप लगाया गया है। वहीं ससुराल पक्ष का कहना है कि उनके परिवार पर किसी दैवीय प्रकोप का असर है, जिससे पहले भी कई लोगों की मौत हो चुकी है। उनका दावा है कि आशु की मृत्यु भी इसी कारण हुई है और उन्होंने कोई हत्या नहीं की है। परिवार का एक अन्य सदस्य भी वर्तमान में अस्पताल में भर्ती बताया जा रहा है। कोतवाली प्रभारी प्रभाकर कैंतूरा ने बताया कि तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल ससुराल पक्ष के लोग घर पर नहीं हैं और मकान पर ताला लगा हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।