बागपत में अंतरराष्ट्रीय योग एवं वेलनेस सेंटर की तैयारी तेज, निवेशकों में बढ़ी दिलचस्पी
उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय योग एवं वेलनेस सेंटर को धरातल पर उतारने की दिशा में सरकार ने तेजी ला दी है। शुक्रवार को लखनऊ स्थित पर्यटन भवन में आयोजित ‘स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन’ में इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से मंथन किया गया। बागपत प्रशासन को बैठक से वीडियो कांफ्रेसिंग से जोडा गया। बैठक में सरकार, निवेशकों और देशभर के योग, आयुर्वेद व वेलनेस क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने भाग लेकर अपने सुझाव साझा किए। ईशा फाउंडेशन सहित 20 से अधिक प्रतिष्ठित संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने ऑनलाइन जुड़कर प्रोजेक्ट को लेकर अपनी राय रखी।
बागपत में अंतरराष्ट्रीय योग एवं वेलनेस सेंटर की तैयारी तेज, निवेशकों में बढ़ी दिलचस्पी
बागपत/लखनऊ, तेजस न्यूज रिपोर्टर
उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय योग एवं वेलनेस सेंटर को धरातल पर उतारने की दिशा में सरकार ने तेजी ला दी है। शुक्रवार को लखनऊ स्थित पर्यटन भवन में आयोजित ‘स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन’ में इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से मंथन किया गया। बागपत प्रशासन को बैठक से वीडियो कांफ्रेसिंग से जोडा गया। बैठक में सरकार, निवेशकों और देशभर के योग, आयुर्वेद व वेलनेस क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने भाग लेकर अपने सुझाव साझा किए। ईशा फाउंडेशन सहित 20 से अधिक प्रतिष्ठित संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने ऑनलाइन जुड़कर प्रोजेक्ट को लेकर अपनी राय रखी।
निवेश और नीतियों पर उठे सवाल
कंसल्टेशन के दौरान निवेशकों ने राज्य सरकार की नीतियों, भूमि अधिग्रहण, रियायतों और निवेश से जुड़े पहलुओं पर जिज्ञासा जताई। विशेषज्ञों ने वेलनेस टूरिज्म में उत्तर प्रदेश की संभावनाओं को रेखांकित करते हुए इस परियोजना में गहरी रुचि दिखाई। पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने सभी प्रश्नों का समाधान करते हुए निवेशकों को नीति संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी।
150 एकड़ में विकसित होगा मेगा प्रोजेक्ट
बागपत के हरिया खेड़ा गांव में लगभग 150 एकड़ से अधिक क्षेत्र में यह अंतरराष्ट्रीय स्तर का योग एवं वेलनेस सेंटर विकसित किया जाएगा। परियोजना में पारंपरिक योग, आयुर्वेद और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का समन्वय देखने को मिलेगा। यहां 2,000 से 3,000 लोगों की क्षमता वाला योग हॉल, ओपन योग एरीना, ध्यान केंद्र, 200 बेड का अस्पताल, 100 बेड के कॉटेज और 1,500 बेड की डॉर्मिटरी बनाई जाएगी। साथ ही भोजनालय, कैफे, एम्फीथिएटर, ध्यान उद्यान और वॉकिंग ट्रैक जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
सात्विक जीवनशैली और आधुनिक सुविधाओं का संगम
इस वेलनेस कैंपस में योग प्रशिक्षण, ध्यान, प्राकृतिक चिकित्सा, वेलनेस रिट्रीट, शोध एवं प्रमाणन जैसी गतिविधियां संचालित होंगी। पूरे परिसर में सात्विक और अनुशासित जीवनशैली को बढ़ावा दिया जाएगा, जहां शराब, धूम्रपान और मांसाहार पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
वैश्विक आकर्षण बनेगा बागपत
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि बागपत की भौगोलिक स्थिति और कनेक्टिविटी इसे वेलनेस हब के रूप में विकसित करने के लिए उपयुक्त बनाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह केंद्र देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के पर्यटकों और साधकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा। इस मेगा प्रोजेक्ट से क्षेत्र में पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।