सेवन एक्स वेलफेयर टीम और यातायात पुलिस ने चलाया विशेष जागरूकता अभियान
गुरु नानक जयंती पर मानव सेवा और सड़क सुरक्षा का दिया संदेश
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा के सेक्टर 62 स्थित मॉडल टाउन चौराहे पर सेवन एक्स वेलफेयर टीम और यातायात पुलिस ने विशेष सड़क सुरक्षा और जन जागरूकता अभियान का आयोजन किया। यह विशेष सड़क सुरक्षा और जन जागरूकता अभियान सेवन एक्स वेलफेयर टीम के सदस्य ब्रजेश शर्मा के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस जन जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटना को रोकने के अलावा आम लोगों को सड़क दुर्घटना की स्थिति में पीड़ितों की सहायता के लिए उपलब्ध सरकारी योजनाओं और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।

सेवन एक्स वेलफेयर टीम के सदस्य ब्रजेश शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों से सीधे संवाद कर उन्हें यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया गया। दोपहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने की अपील की गई। इसके अलावा निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, चौराहों पर गति नियंत्रित रखने, निर्धारित लेन में चलने और यातायात नियमों का पालन करने समेत कई नियमों की विस्तार से जानकारी दी गई। इस अभियान के दौरान वाहन चालकों को राहवीर योजना और पीएम राहत योजना की विस्तार से जानकारी दी गई। दुर्घटना के समय घायल व्यक्ति की सहायता करना न केवल एक मानवीय कर्तव्य है। बल्कि, सरकार भी ऐसे नेक प्रयासों के लिए प्रोत्साहित करने के लिए ठोस कार्रवाई कर रही है।

यातायात नियमों का पालन केवल चालान के लिए नहीं करेःसुरेंद्र तिवारी
ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी सुरेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और दुर्घटना के समय पीड़ितों की सहायता करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं किया जाना चाहिए।