गौ रक्षा दल अध्यक्ष समेत साथियों पर पशु व्यापारी से अवैध वसूली का आरोप, केस दर्ज
बरनावा के एक पशु व्यापारी ने गौ रक्षा दल के अध्यक्ष और उसके साथियों पर जबरन अवैध वसूली करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौ रक्षा दल अध्यक्ष समेत साथियों पर पशु व्यापारी से अवैध वसूली का आरोप, केस दर्ज
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
बरनावा के एक पशु व्यापारी ने गौ रक्षा दल के अध्यक्ष और उसके साथियों पर जबरन अवैध वसूली करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बरनावा निवासी गययूर दुधारू पशुओं का व्यापार करता है और पंजाब व हरियाणा से पशु खरीदकर क्षेत्र में उनकी बिक्री करता है, जिससे उसके परिवार का भरण-पोषण होता है। गययूर का आरोप है कि बागपत क्षेत्र में गौ रक्षा दल के अध्यक्ष अपने साथियों के साथ मिलकर उससे लगातार अवैध वसूली करते हैं। विरोध करने पर उसे झूठे मुकदमों में फंसाने और पशुओं को जबरन कहीं और छोड़ने की धमकी दी जाती है। पीड़ित के मुताबिक, दो दिन पहले जब वह ट्रक में दुधारू पशु लेकर लौट रहा था, तो ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर आरोपियों ने कार आगे लगाकर ट्रक रुकवा लिया और उससे 45 हजार रुपये वसूल लिए। इसमें 15 हजार रुपये नकद और 30 हजार रुपये ऑनलाइन उसके खाते में ट्रांसफर कराए गए। कोतवाल प्रभाकर कैंतूरा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर गौ रक्षा दल के अध्यक्ष और दो अन्य के खिलाफ अवैध वसूली की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित ने ऑनलाइन लेन-देन की रसीद भी साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंपी है। मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।