मोबाइल तोड़ने का विरोध करने पर महिला से मारपीट, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी
खेकड़ा कस्बे के रटौल क्षेत्र में एक महिला के साथ मारपीट, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने कोतवाली में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद परिवार दहशत में है।
मोबाइल तोड़ने का विरोध करने पर महिला से मारपीट, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी
- पुलिस से कार्रवाई की मांग
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
कस्बे के रटौल क्षेत्र में एक महिला के साथ मारपीट, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने कोतवाली में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद परिवार दहशत में है।
रटौल निवासी महिला शहजादी ने थाना खेकड़ा में दी शिकायत में बताया कि बीती शाम उसका बेटा सादाब मोहल्ले की चौपाल पर बैठकर मोबाइल चला रहा था। आरोप है कि उसी दौरान गांव के ही दो युवक वहां पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने सादाब के हाथ से मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया, जिससे मोबाइल टूट गया। इसके बाद आरोपियों ने युवक के साथ लात-घूंसों और बेल्ट से जमकर मारपीट की। पीड़िता के अनुसार बेटे की चीख-पुकार सुनकर जब वह बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपी वहां से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद दोबारा घर पहुंचकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए छेड़छाड़ की और जान से मारने की कोशिश की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह महिला को बचाया। महिला का कहना है कि आरोपी पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं और उनके हौसले बुलंद हैं। घटना के बाद परिवार बेहद डरा हुआ है। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत स्वीकार कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटना रोकने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।