सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियों पर कार्रवाई की मांग, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
भारतीय किसान यूनियन (क्रांति) ने सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ की जा रही अमर्यादित एवं आपत्तिजनक टिप्पणियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन प्रेषित किया है। यह ज्ञापन जिलाधिकारी गाजियाबाद के माध्यम से भेजा गया।
तेजस न्यूज संवाददाता
सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियों पर कार्रवाई की मांग, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
गाजियाबाद, 12 जून। भारतीय किसान यूनियन (क्रांति) ने सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ की जा रही अमर्यादित एवं आपत्तिजनक टिप्पणियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन प्रेषित किया है। यह ज्ञापन जिलाधिकारी गाजियाबाद के माध्यम से भेजा गया।

भारतीय किसान यूनियन (क्रांति) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवदत्त अधाना ने बताया कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के परिवार की सदस्य अदिति यादव सहित अन्य महिलाओं के संबंध में की जा रही अभद्र, अशोभनीय एवं अपमानजनक टिप्पणियों पर गहरी चिंता व्यक्त की है। संगठन का कहना है कि इस प्रकार की टिप्पणियां न केवल किसी एक महिला की गरिमा पर आघात हैं, बल्कि पूरे महिला समाज के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली है।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में राजनीतिक विचारों और नीतियों पर मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन किसी भी महिला को व्यक्तिगत रूप से निशाना बनाकर अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना सामाजिक मर्यादाओं, संवैधानिक मूल्यों तथा भारतीय संस्कृति के विरुद्ध है।

संगठन ने राष्ट्रपति से अनुरोध किया है कि इस प्रकरण का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

इसके साथ ही संगठन ने ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित करने तथा महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति समाज में सकारात्मक संदेश स्थापित करने की मांग भी की है।