आम महोत्सव के बाद बवाल- सफाई कर्मचारियों से मारपीट के आरोप पर ठप हुई सफाई व्यवस्था

रटौल में आयोजित आम महोत्सव के समापन के बाद सफाई कर्मचारियों के साथ कथित मारपीट का मामला तूल पकड़ गया है। घटना के विरोध में सफाई कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर नगर पंचायत कार्यालय पर धरना शुरू कर दिया। हड़ताल के चलते कस्बे की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

आम महोत्सव के बाद बवाल- सफाई कर्मचारियों से मारपीट के आरोप पर ठप हुई सफाई व्यवस्था

आम महोत्सव के बाद बवाल- सफाई कर्मचारियों से मारपीट के आरोप पर ठप हुई सफाई व्यवस्था
- आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नगर पंचायत कार्यालय पर धरने पर बैठे कर्मचारी
- पुलिस चौकी में दी तहरीर
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
रटौल में आयोजित आम महोत्सव के समापन के बाद सफाई कर्मचारियों के साथ कथित मारपीट का मामला तूल पकड़ गया है। घटना के विरोध में सफाई कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर नगर पंचायत कार्यालय पर धरना शुरू कर दिया। हड़ताल के चलते कस्बे की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार शाम रटौल के एक फार्म हाउस में आयोजित आम महोत्सव संपन्न होने के बाद नगर पंचायत के सफाई कर्मचारी कार्यक्रम स्थल से डस्टबिन हटाने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान फार्म हाउस प्रबंधक पक्ष के युवकों ने सफाई कर्मचारी नवीन, रितिक और रवि के साथ मारपीट कर दी। घटना से आक्रोशित सफाई कर्मचारियों ने तत्काल काम बंद कर दिया और शनिवार को नगर पंचायत कार्यालय पर धरने पर बैठ गए। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वे सफाई कार्य शुरू नहीं करेंगे। धरने की सूचना पर नगर पंचायत अध्यक्ष हाजी मुंतजिर मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों से वार्ता कर सफाई व्यवस्था बहाल करने का आग्रह किया। कर्मचारियों ने कहा कि कार्रवाई से पहले वे काम पर नहीं लौटेंगे। बाद में सभी सफाई कर्मचारी एकजुट होकर रटौल पुलिस चौकी पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। कर्मचारियों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की है। धरने में नवीन, रितिक, जोगेंद्र, सुरेश, रिकूं, रूपा, कविता, सुमन, पूनम, नितिन, जितेंद्र सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।