रटौल में सजेगा आमों का रंगारंग महाकुंभ, जिलाधिकारी करेंगी आम महोत्सव का शुभारंभ
विश्व प्रसिद्ध रटौल आम की खुशबू और मिठास का उत्सव शुक्रवार को रटौल में देखने को मिलेगा। जिला प्रशासन बागपत और नगर पंचायत रटौल के संयुक्त तत्वावधान में निगार फार्म हाउस में भव्य रटौल आम महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव का उद्घाटन जिलाधिकारी अस्मिता लाल करेंगी। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक, जनप्रतिनिधि, उद्यान विभाग के अधिकारी, आम उत्पादक किसान तथा बड़ी संख्या में आम प्रेमी शामिल होंगे।
रटौल में सजेगा आमों का रंगारंग महाकुंभ, जिलाधिकारी करेंगी आम महोत्सव का शुभारंभ
- 150 से अधिक किस्मों के आम होंगे आकर्षण का केंद्र, प्रदेशभर के आम उत्पादक लगाएंगे स्टॉल
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
विश्व प्रसिद्ध रटौल आम की खुशबू और मिठास का उत्सव शुक्रवार को रटौल में देखने को मिलेगा। जिला प्रशासन बागपत और नगर पंचायत रटौल के संयुक्त तत्वावधान में निगार फार्म हाउस में भव्य रटौल आम महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव का उद्घाटन जिलाधिकारी अस्मिता लाल करेंगी। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक, जनप्रतिनिधि, उद्यान विभाग के अधिकारी, आम उत्पादक किसान तथा बड़ी संख्या में आम प्रेमी शामिल होंगे।
आम महोत्सव में रटौल समेत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसान अपने-अपने स्टॉल लगाएंगे। प्रदर्शनी में करीब 150 किस्मों के आम लोगों के आकर्षण का केंद्र होंगे। इनमें विश्व प्रसिद्ध रटौल आम के अलावा मकसूद, चौसा, दशहरी, गुलाब जामुन, नूरजहां, हाथी झूल, लंगड़ा, दीगा, अगरजाना, करेला, जामुन सहित अनेक दुर्लभ और पारंपरिक प्रजातियों का प्रदर्शन किया जाएगा। रटौल के प्रमुख आम उत्पादक हबीब खान, इमरान, फैज महमूद और अब्दुल कलाम सहित कई बागवान अपने उत्कृष्ट आमों की प्रदर्शनी लगाएंगे। महोत्सव का उद्देश्य रटौल आम की वैश्विक पहचान को और मजबूत करना तथा आधुनिक बागवानी तकनीकों से किसानों को जोड़ना है। नगर पंचायत अध्यक्ष हाजी मुंतजिर ने बताया कि महोत्सव का उद्घाटन जिलाधिकारी करेंगी, जबकि कार्यक्रम में विधायक योगेश धामा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे। नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी आस्था पाठक ने बताया कि किसानों को महोत्सव में भाग लेने के लिए विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। जिला उद्यान अधिकारी निधि ने बताया कि रटौल सहित विभिन्न क्षेत्रों के करीब 50 आम उत्पादकों को स्टॉल लगाने के लिए आमंत्रित किया गया है। महोत्सव में आम की विभिन्न प्रजातियों की प्रदर्शनी के साथ किसानों और आम प्रेमियों को बागवानी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। रटौल आम की देश-विदेश में अलग पहचान है। अपनी अनूठी मिठास, सुगंध और स्वाद के कारण यह आम वर्षों से अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी पसंद किया जाता रहा है। ऐसे में यह महोत्सव न केवल आम उत्पादकों के लिए एक बड़ा मंच बनेगा, बल्कि बागपत की पहचान को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का माध्यम साबित होगा।