खेकड़ा में जिम से लौट रहे युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बाल-बाल बची जान
खेकड़ा कस्बे में सोमवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई जब जिम से घर लौट रहे एक युवक पर चार नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह अपनी जान बचाई और मौके से निकल भागा। हमलावर काफी दूर तक उसका पीछा करते रहे। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पीड़ित के पिता ने खेकड़ा कोतवाली में तहरीर देकर बेटे की सुरक्षा तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
खेकड़ा में जिम से लौट रहे युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बाल-बाल बची जान
- नकाबपोश बदमाशों ने पेट्रोल पंप के पास बनाया निशाना, सुन्हेड़ा तक किया पीछा
- पिता ने पुलिस से लगाई बेटे की सुरक्षा की गुहार, अज्ञात हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
कस्बे में सोमवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई जब जिम से घर लौट रहे एक युवक पर चार नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह अपनी जान बचाई और मौके से निकल भागा। हमलावर काफी दूर तक उसका पीछा करते रहे। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पीड़ित के पिता ने खेकड़ा कोतवाली में तहरीर देकर बेटे की सुरक्षा तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
मवीकलां निवासी बसंत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 18 वर्षीय बेटा मोहित प्रतिदिन खेकड़ा स्थित जिम में व्यायाम करने आता है। सोमवार देर शाम जिम से लौटते समय वह पाठशाला रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचा ही था कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उसे घेर लिया। सभी बदमाशों ने अपने चेहरे कपड़ों से ढके हुए थे। आरोप है कि बदमाशों ने सामने से मोहित पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली से बाल-बाल बचते हुए मोहित ने तुरंत अपनी बाइक मोड़ी और काठा रोड से सुन्हेड़ा जाने वाले नाले के रास्ते की ओर भाग निकला। इसके बावजूद हमलावरों ने सुन्हेड़ा गांव तक उसका पीछा किया और बाद में फरार हो गए। पीड़ित के पिता के अनुसार हमलावर काले रंग की बिना नंबर प्लेट और बिना मडगार्ड लगी स्प्लेंडर मोटरसाइकिलों पर सवार थे। चेहरा ढका होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी। घटना के बाद से पूरा परिवार भय के साये में है और मोहित की जान-माल को खतरा बना हुआ है। बसंत ने कोतवाली प्रभारी को शिकायती पत्र सौंपकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, उनकी पहचान कर जल्द गिरफ्तारी तथा बेटे की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जांच के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।