स्कूटी का टायर छूने पर दो पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे और पत्थर , भाजपा युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
। थाना विजयनगर क्षेत्र की प्रताप विहार चौकी क्षेत्र अंतर्गत लीलावती चौक पर रविवार दोपहर स्कूटी का टायर पैर से छू जाने के बाद दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे चलने के साथ पथराव हुआ। घटना में दो युवक घायल हो गए, जबकि एक कार और एक बुलेट मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। पथराव के दौरान सड़क से गुजर रहे कई राहगीरों को भी पत्थर लगे, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई।
तेजस न्यूज संवाददाता
दो युवक घायल, कार और बुलेट क्षतिग्रस्त; पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर शुरू की जांच
गाजियाबाद। थाना विजयनगर क्षेत्र की प्रताप विहार चौकी क्षेत्र अंतर्गत लीलावती चौक पर रविवार दोपहर स्कूटी का टायर पैर से छू जाने के बाद दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे चलने के साथ पथराव हुआ। घटना में दो युवक घायल हो गए, जबकि एक कार और एक बुलेट मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। पथराव के दौरान सड़क से गुजर रहे कई राहगीरों को भी पत्थर लगे, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए कई लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी।

भाजपा युवा मोर्चा कार्यकर्ता अजय और रितिक के अनुसार, वे हाल ही में नियुक्त भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा के स्वागत कार्यक्रम में शामिल होने के लिए स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान उनकी स्कूटी का अगला टायर लीलावती चौक स्थित एक टायर पंचर की दुकान पर कार्य कर रहे लडके के पैर से छू गया। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

आरोप है कि दुकान पर मौजूद दो युवकों ने अजय और रितिक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया तथा पथराव भी किया। इसी दौरान उनका साथी कृष्णा भी मौके पर पहुंचा उसके साथ भी मारपीट की गई। घटना में वहां खड़ी एक कार और एक बुलेट मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता विजयनगर थाने पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। बाद में देर शाम कार्यकर्ता लीलावती चौक पहुंचे, जहां उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ किया। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। प्रभारी निरीक्षक धर्मपाल सिंह और चौकी प्रभारी उमेश कुमार ने काफी मशक्कत के बाद माहौल को शांत कराया।

लेकिन युवा मोर्चा के सभी कार्यकर्ताओं का यह भी कहना है कि यदि आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो यह मामला आगे तक जायेगा।

इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने लीलावती चौक समेत क्षेत्र के प्रमुख चौराहों पर रेहड़ी-पटरी के कारण हो रहे अतिक्रमण का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि अवैध अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम और विवाद की स्थिति बनती है। इसके बाद पुलिस ने चौराहे पर लगी रेहड़ी-पटरी हटवाई और आश्वासन दिया कि आसपास दोबारा अवैध अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा।

प्रभारी निरीक्षक धर्मपाल सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में कृष्णा नामक युवक की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
