ग्राम विकास संगठन ने सीईओ को किया सम्मानित
नोएडा प्राधिकरण की तरफ से यमुना मार्जिनकल बांध की चार लेन सड़क की सफाई और अनुरक्षण का किया कार्य
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा के सेक्टर 96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के कार्यालय पर ग्राम विकास संगठन के एक प्रतिनिधि मंडल ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करूणेश से मुलाकात की। यह मुलाकात राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस मुलाकात के दौरान नोएडा प्राधिकरण की तरफ से यमुना मार्जिनकल बांध और यमुना तट बांध की चार लेन सड़क की लंबे समय बाद सफाई और अनुरक्षण का कार्य शुरू किए जाने पर शहीद सुभाष चंद्र बोस की पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, नोएडा प्राधिकरण के जीएम सिविल अशोक कुमार अरोड़ा को भी शहीद चंद्रशेखर आजाद की पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया गया।

ग्राम विकास संगठन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने कहा कि यमुना मार्जिनकल बांध की चार लेन सड़क का निर्माण साल 2014 में नोएडा प्राधिकरण द्वारा वित्त पोषित धनराशि से कराया गया था। सिंचाई विभाग और नोएडा प्राधिकरण के बीच हुए एमओयू की शर्तों के तहत इस सड़क की मरम्मत और अनुरक्षण का कार्य नोएडा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली धनराशि से कराया जाना प्रस्तावित था। लंबे समय तक सड़क की नियमित सफाई और अनुरक्षण नहीं होने के चलते सड़क के दोनों ओर और बीच में बड़ी-बड़ी कटीली झाड़ियां और कीकर उग आए थे। कई स्थानों पर कूड़े के ढेर भी जमा हो गए थे। इससे सड़क पर आवागमन करने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या का संज्ञान लेते हुए नोएडा प्राधिकरण ने यमुना मार्जिनकल बांध की चार लेन सड़क की मरम्मत और सफाई के लिए 34.18 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। इस राशि में से पहली किस्त के रूप में करीब 11 करोड़ रुपये उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के बैंक खाते में भेजे जा चुके हैं। धनराशि उपलब्ध होने के बाद अब सेक्टर 94 स्थित गांव रायपुर से सेक्टर 135 स्थित गांव नंगली वाजिदपुर तक यमुना पुस्ता बांध सड़क पर सफाई और अनुरक्षण का कार्य शुरू हो गया है। सड़क के दोनों तरफ और बीच में उगी कटीली झाड़ियों और अन्य वन्स्पति की कटाई-छंटाई के साथ ही विभिन्न स्थानों पर जमा कूड़े को हटाने का काम किया जा रहा है। इस मौके पर गांव शाहपुर गोवर्धनपुर से डीपी चौहान, गांव नंगली वाजिदपुर से अशोक चौहान, असगरपुर से हरेंद्र अवाना और सेक्टर 130 निवासी सत्येंद्र चौधरी समेत कई लोग मौजूद रहे।