66 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण, 9 सील और 12 को नोटिस

जेवर में 4 होटल का किया निरीक्षण, एक सील और 3 को नोटिस जारी

66 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण, 9 सील और 12 को नोटिस

लखनऊ के कोचिंग सेंटर पर हुई आगजनी की घटना के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में जिला प्रशासन की तरफ से एक अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सिटी मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारियों, मुख्य अग्निशमन अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक की संयुक्त टीमों द्वारा नोएडा और ग्रेटर नोएडा के सभी कोचिंग संस्थानों और होटलों में अग्नि सुरक्षा और मानव सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है। वहीं, इस अभियान के तहत उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह ने जेवर स्थित बालाजी गेस्ट हाउस, एसआर प्लाजा खुर्जा रोड जेवर, दी ग्रैंड होटल खुर्जा रोड जेवर और जेपी वेलवेट होटल खुर्जा रोड जेवर का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान बालाजी गेस्ट हाउस में कमियां मिलने पर उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह ने मौके पर सील किया। बाकी 3 को नोटिस जारी किया गया।


जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि कुल 46 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण के दौरान मानकों के तहत नहीं चलने वाले 5 कोचिंग संस्थानों को सील किया गया। नोएडा के सेक्टर 16 और सेक्टर 18 क्षेत्र में 12 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया। जिसमें 2 कोचिंग संस्थानों को सील किया गया।

सेक्टर 22 क्षेत्र में 4 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया। जिसमें 2 संस्थानों को नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा नोएडा के सेक्टर 58 और सेक्टर 62 क्षेत्र में 6 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान पिछले दो दिनों के भीतर 66 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया जा चुका है। जिसमें से 9 कोचिंग संस्थानों को सील किया गया। 12 कोचिंग संस्थानों को नोटिस भी जारी किया गया। अभियान के दौरान अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, भवन सुरक्षा, मानव सुरक्षा, आवश्यक अनुमतियों, पंजीकरण और अन्य निर्धारित मानकों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान मानकों की अनदेखी करने वाले कोचिंग संस्थानों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। यह अभियान अभी इसी प्रकार से आगे जारी रहेगा।