भाकियू ने किया बैठक, तीनों प्राधिकरणों पर जल्द होगी महापंचायत
भाकियू के राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रवक्ता पवन खटाना के नेतृत्व में हुई महापंचायत
तेजस न्यूज संवाददाता
ग्रेटर नोएडा स्थित नलगाड़ा गांव में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के कार्यकर्ताओं ने एक महापंचायत का आयोजन किया। यह महापंचायत भाकियू के राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रवक्ता पवन खटाना के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस बैठक के दौरान गौतमबुद्ध नगर के किसानों की लंबित मांगों को लेकर भाकियू के कार्यकर्ता अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण पर चरणबद्ध तरीके से किसानों की महापंचायत की जाएगी।

भाकियू के राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रवक्ता पवन खटाना ने बताया कि किसान अब सिर्फ आश्वासन से नहीं मानने वाला है। तीनों प्राधिकरणों के अधिकारी और शासन किसान की जमीन पर विकास तो कर रहा है। लेकिन, किसानों को उसका हक अब तक नहीं दिया जा रहा है। 10 प्रतिशत विकसित आबादी भूखंड, बैकलीज, रोजगार और उचित मुआवजा हमारा अधिकार है। किसान कोई भीख नहीं मांग रहा है। प्राधिकरणों के साथ किसानों की कई बार वार्ता भी हो चुकी है। लेकिन, अब तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया है। तीनों प्राधिकरण अब किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं कर देता है, तब तक आंदोलन लगातार जारी रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर भाकियू के कार्यकर्ता दिल्ली की तरफ रुख भी करेंगे। इस मौके पर राजे प्रधान, राजीव मलिक, संदीप एडवोकेट, जितेंद्र बैरागी, गौरव बैरागी, अनिल, राकेश, बिट्टू भाटी, प्रेम सिंह चंदीला, मास्टर सुबे राम, धर्मपाल सिंह स्वामी, वीरपाल सिंह और योगेश भाटी समेत कई भाकियू कार्यकर्ता मौजूद रहे।