फोनरवा ने की त्योहारों से पहले मिलावट पर अभियान चलाने की मांग

खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग

फोनरवा ने की त्योहारों से पहले मिलावट पर अभियान चलाने की मांग

तेजस न्यूज संवाददाता

 फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) ने त्योहारों से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की है। इस संबंध में जिलाधिकारी मेधा रूपम को फोनरवा की तरफ से एक पत्र भी भेजा गया है।


फोनरवा के महासचिव केके जैन ने बताया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट से संबंधित खबरें लगातार प्रमुखता से प्रकाशित हो रही है। यह आम लोगों के स्वास्थ्य की दृष्टि से बेहद चिंताजनक विषय है। जिलाधिकारी मेधा रूपम से मिलावटखोरों के खिलाफ और ज्यादा प्रभावी और सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई है। आगामी त्योहारों के मौसम को देखते हुए बाजारों में मिठाइयों, दूध और दुग्ध उत्पादों, खाद्य तेल और मसालों समेत कई खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ गई है। ऐसे समय में मिलावट की आशंका भी काफी ज्यादा बढ़ जाती है। वहीं, त्योहारों को ध्यान में रखते हुए मिलावट विरोध अभियान चलाया जाना चाहिए। अभियान के दौरान बाजारों, मिठाई की दुकानों, खाद्य निर्माण इकाइयों और अन्य प्रतिष्ठानों से नियमित रूप से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी जांच की जानी चाहिए। जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जानी चाहिए।