जर्जर सड़कों से मिलेगी निजात! सांसद ने मुख्यमंत्री से चार मार्गों के कायाकल्प की मांगी मंजूरी
खेकड़ा क्षेत्र में खराब और संकरे मार्गों के कारण आवागमन की समस्या झेल रहे लोगों को राहत दिलाने के लिए सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने पहल की है। सांसद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर जनपद की चार महत्वपूर्ण सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की मांग उठाई है। उन्होंने इन परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कर जल्द निर्माण शुरू कराने का अनुरोध किया है।
जर्जर सड़कों से मिलेगी निजात! सांसद ने मुख्यमंत्री से चार मार्गों के कायाकल्प की मांगी मंजूरी
- चार प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण की सांसद ने उठाई आवाज
- मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर जल्द स्वीकृति देने की मांग, खेकड़ा-काठा मार्ग समेत चार सड़कों का होगा कायाकल्प
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
क्षेत्र में खराब और संकरे मार्गों के कारण आवागमन की समस्या झेल रहे लोगों को राहत दिलाने के लिए सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने पहल की है। सांसद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर जनपद की चार महत्वपूर्ण सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की मांग उठाई है। उन्होंने इन परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कर जल्द निर्माण शुरू कराने का अनुरोध किया है।
सांसद ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में दिल्ली-सहारनपुर राजमार्ग पर काठा से खेकड़ा मार्ग, धौली प्याऊ, चमरावल, सिंघावली पावर हाउस होते हुए बुढ़सैनी मार्ग, टांडा-बोड़ा मार्ग को शामली जनपद की सीमा तक तथा बड़ौत से डौला नहर पटरी मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की मांग की है। सांसद ने पत्र में कहा कि ये मार्ग लंबे समय से शासन स्तर पर लंबित हैं। वर्तमान में कई स्थानों पर सड़कें जर्जर होने के साथ ही संकरी हैं। इसके चलते क्षेत्रवासियों, किसानों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। खराब मार्गों के कारण किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में भी दिक्कत होती है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारभूत जरूरत हैं। इन मार्गों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और क्षेत्र के आर्थिक एवं औद्योगिक विकास को भी गति मिलेगी। सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने मुख्यमंत्री से जनहित को देखते हुए चारों प्रस्तावित कार्यों को अतिशीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है। सांसद की इस पहल से क्षेत्रवासियों को लंबे समय से जर्जर सड़कों की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद जगी है।