आज नवाब सिंह नागर संभालेंगे क्षेत्रीय अध्यक्ष का पदभार
सेक्टर 51 के बारात घर में होगा विशाल स्वागत
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर बुधवार को विधिवत शपथ ग्रहण करेंगे। बुधवार को मेरठ स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में दोपहर हवन-पूजन और वैदिक मंत्रोच्चार के बाद नवाब सिंह नागर विधिवत नया कार्यभार ग्रहण करेंगे। इस मौके पर भाजपा के सैकड़ों की संख्या में भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।

भाजपा के नोएडा महानगर के जिला महामंत्री और प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित त्यागी ने बताया कि मेरठ जाने से पहले बुधवार को नोएडा के सेक्टर 51 के बारात घर में नवाब सिंह नागर का भाजपा नोएडा महानगर की तरफ से एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस स्वागत समारोह के बाद नवाब सिंह नागर मेरठ के लिए रवाना हो जाएंगे। इस दौरान ग्रेटर नोएडा समेत विभिन्न स्थानों पर नवाब सिंह नागर का स्वागत समारोह किया जाएगा। गौरतलब है कि दादरी क्षेत्र में दो बार विधायक रहे और प्रदेश में सिंचाई मंत्री रहे नवाब सिंह नागर को हाईकमान ने क्षेत्रीय अध्यक्ष की कमान सौंपी है। नवाब सिंह नागर को क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाने पर नोएडा समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। इसके माध्यम से भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने जहां पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गुर्जर बिरादरी को साधने का काम किया है। वहीं, समाजवादी पार्टी द्वारा गुर्जर बिरादरी में सेंध लगाने के लिए कथित प्रयास को भी करारा झटका दिया है।