नलकूपों से उपकरण चोरी करने वाले गिरोह का बदमाश मुठभेड़ में घायल
किसानों के नलकूपों से बिजली उपकरण और ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ खेकड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रविवार रात बड़ागांव-चमरावल मार्ग पर पुलिस की बदमाश से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से नलकूप से चोरी किया गया करीब 15 किलो केबिल, बिना नंबर प्लेट की बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। उपचार के बाद सोमवार को बदमाश को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
नलकूपों से उपकरण चोरी करने वाले गिरोह का बदमाश मुठभेड़ में घायल
- पुलिस की गोली पैर में लगी, 15 किलो केबिल, तमंचा और बाइक बरामद; एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
किसानों के नलकूपों से बिजली उपकरण और ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ खेकड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रविवार रात बड़ागांव-चमरावल मार्ग पर पुलिस की बदमाश से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से नलकूप से चोरी किया गया करीब 15 किलो केबिल, बिना नंबर प्लेट की बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। उपचार के बाद सोमवार को बदमाश को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
सीओ रोहन चौरसिया ने बताया कि रविवार रात कोतवाली प्रभारी आशीष पुंडीर पुलिस टीम के साथ बड़ागांव-चमरावल मार्ग पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान चमरावल की ओर से बाइक सवार युवक आता दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने टॉर्च की रोशनी से उसे रुकने का इशारा किया तो वह बाइक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान बाइक फिसलने से वह सड़क पर गिर गया। पुलिस के अनुसार, बदमाश ने मौके से फरार होने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और गन्ने के खेतों की ओर भागने लगा। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। कोतवाली प्रभारी आशीष पुंडीर ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश की पहचान गाजियाबाद के असलातपुर फरुखनगर, टीला मोड़ निवासी शहजाद के रूप में हुई है। उसके पास से नलकूप से चोरी किया गया 15 किलो केबिल, बिना नंबर प्लेट की बाइक, देसी तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।
रिजवान गैंग का सदस्य है शहजाद
पुलिस के मुताबिक शहजाद 28 अगस्त की रात मुबारिकपुर गांव के जंगल में ट्रांसफार्मर चोरी करते समय मुठभेड़ में पकड़े गए बदमाश रिजवान के गिरोह का सदस्य है। जांच में सामने आया है कि इस गिरोह ने करीब एक माह पहले चमरावल गांव और पिलखुवा के दहपा गांव के जंगल में नलकूपों को निशाना बनाकर बिजली उपकरण चोरी किए थे। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य बदमाशों की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार शहजाद के खिलाफ विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। सोमवार को उपचार के बाद पुलिस ने उसका चालान कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।