भाजपा मे जल्द होगी प्रकोष्ठों और विभागों के अध्यक्षों की घोषणा

अगले एक से दो दिनों के भीतर होगी विभिन्न विभागों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों की घोषणा

भाजपा मे जल्द होगी प्रकोष्ठों और विभागों के अध्यक्षों की घोषणा

तेजस न्यूज संवाददाता

उत्तर प्रदेश के 2027 में होने वाले विधान सभा चुनावों से पहले भाजपा में जल्द ही विभिन्न मोर्चा, विभागों और प्रकोष्ठों में नई नियुक्तियों की घोषणा कर सकती है। इन नियुक्तियों को लेकर महानगर और जिला संगठन के कार्यकर्ताओं में हलचल तेज हो गई है। सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक, अगले एक से दो दिनों के भीतर महानगर और जिला स्तर पर विभिन्न विभागों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों की घोषणा की जा सकती है।

महानगर अध्यक्ष महेश चौहान ने बताया कि अगले एक से दो दिनों के भीतर विभागों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों की घोषणा हो सकती है। पार्टी स्तर पर इन नियुक्तियों को लेकर तैयारियां अपने अंतिम चरण पर चल रही हैं। नई जिम्मेदारियां ऐसे कार्यकर्ताओं को दी जाएं जो पार्टी के लिए लंबे समय से सक्रिय चल रहे हैं। भाजपा संगठन में विभिन्न क्षेत्रों और जिम्मेदारियों के लिए 17 प्रकोष्ठ और 18 विभाग बनाए गए हैं। इन सभी इकाइयों में अध्यक्षों की नियुक्ति की जानी है।

युवा, महिला और आईटी पर रहेगी सबसे ज्यादा निगाह

भाजपा के प्रमुख प्रकोष्ठों में युवा, महिला, किसान, पिछड़ा वर्ग, आईटी, महिला उद्यमी, चिकित्सा, व्यवसाय और व्यापारिक, आर्थिक, बुद्धिजीवी और विधिक (कानूनी) प्रकोष्ठ शामिल हैं। जिसमें सबसे ज्यादा चर्चा युवा, महिला और आईटी पर होने वाली है। संगठन के 18 विभागों में सुशासन विभाग, नीति अनुसंधान विभाग, मीडिया संपर्क विभाग, प्रशिक्षण विभाग, राजनीतिक फीड विभाग और चुनाव प्रबंधन विभाग समेत कई विभाग शामिल हैं।