पूर्व बसपा प्रत्याशी कृपाराम शर्मा कांग्रेस में घर वापसी
विधान सभा चुनाव से पहले बसपा को लगा बड़ा झटका
तेजस न्यूज संवाददाता
उत्तर प्रदेश के 2027 में होने वाले विधान सभा चुनावों से पहले बसपा को नोएडा विधान सभा सीट से एक बड़ा झटका लग गया है। बसपा के पूर्व प्रत्याशी और स्थानीय चेहरा कृपाराम शर्मा अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस में दोबारा शामिल हो गए हैं। बसपा के पूर्व प्रत्याशी कृपाराम शर्मा के कांग्रेस में शामिल होने के बाद अब नोएडा विधान सभा सीट में कांग्रेस संगठन के काफी मजबूत होने की संभावना है। बसपा के पूर्व प्रत्याशी कृपाराम शर्मा का मानना है कि उन्होंने कांग्रेस की विचारधारा और नेतृत्व में दोबारा विश्वास जताते हुए पार्टी का दामन थाम है। गौरतलब है कि 2022 के विधान सभा चुनाव में कृपाराम शर्मा नोएडा विधान सभा सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़े थे। उस चुनाव में कृपाराम शर्मा भाजपा और समाजवादी पार्टी के बाद तीसरे स्थान पर रहे थे। जबकि कांग्रेस की पूर्व प्रत्याशी पंखुड़ी पाठक चौथे स्थान पर रही थीं।

कृपाराम शर्मा नोएडा महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। कृपाराम शर्मा की कांग्रेस में लगभग चार साल बाद वापसी हो रही है। इस वापसी के बाद पार्टी कार्यकर्ता न केवल व्यक्तिगत जुड़ाव बल्कि आगामी विधान सभा चुनाव की तैयारी का संकेत मान रहे हैं। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, अखिल भारतीय अल्पसंख्यक कांग्रेस के राष्ट्रीय चेयरमैन और सांसद इमरान प्रतापगढ़ी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता दिनेश अवाना, पूर्व महानगर अध्यक्ष शाहबुद्दीन, पंडित प्रमोद शर्मा और युवा कांग्रेस के जिला महासचिव श्याम सुंदर दीक्षित समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कृपाराम शर्मा का कांग्रेस ने किया भव्य स्वागत
कांग्रेस की तरफ से जारी संदेश में कहा गया कि पार्टी का कारवां लगातार मजबूत होता जा रहा है। सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई को और मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा। कृपाराम शर्मा की कांग्रेस में वापसी को नोएडा की आगामी राजनीतिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। नोएडा विधान सभा क्षेत्र में कांग्रेस काफी लंबे समय से अपना राजनीतिक आधार मजबूत करने की कोशिश कर रही है। ऐसे में कृपाराम शर्मा की घर वापसी से संगठन को मजबूती मिलने की संभावना है।
कृपाराम शर्मा को पार्टी दे सकती है बड़ी जिम्मेदारी
कांग्रेस में कृपाराम शर्मा एक बार फिर सक्रिय राजनीति में नजर आ सकते हैं। नोएडा विधान सभा में कृपाराम शर्मा को संगठन मजबूत करने के अलावा पार्टी उन्हें कोई बड़ी जिम्मेदारी देने पर भी विचार कर रही हैं। कृपाराम शर्मा की घर वापसी से नोएडा और गौतमबुद्ध नगर में कांग्रेस संगठन मजबूत होता हुआ नजर आ रहा है। वहीं, कांग्रेसी नेताओं का मानना है कि अभी कई नेताओं की घर वापसी हो सकती है। यह अभी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की तरफ से संभावना जताई जा रही है। किसी भी प्रकार की कोई पुष्टि नहीं की गई है।