बच्चों ने पूछे बेबाक सवाल, पुलिस ने दिया निडर बनने का संदेश
डरें नहीं, चुप न रहें, पुलिस आपकी मदद के लिए है।" यही संदेश देते हुए शनिवार को हसनपुर मंसूरी स्थित सीडीएम पब्लिक स्कूल में मिशन शक्ति के तहत बाल सुरक्षा एवं कानूनी जागरूकता अभियान चलाया गया। खेकड़ा पुलिस और टटीरी के अखंड ज्योति ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशेष बाल संसद एवं पुलिस संवाद कार्यक्रम में बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और कानूनों की जानकारी दी गई।
बच्चों ने पूछे बेबाक सवाल, पुलिस ने दिया निडर बनने का संदेश
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
डरें नहीं, चुप न रहें, पुलिस आपकी मदद के लिए है।" यही संदेश देते हुए शनिवार को हसनपुर मंसूरी स्थित सीडीएम पब्लिक स्कूल में मिशन शक्ति के तहत बाल सुरक्षा एवं कानूनी जागरूकता अभियान चलाया गया। खेकड़ा पुलिस और टटीरी के अखंड ज्योति ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशेष बाल संसद एवं पुलिस संवाद कार्यक्रम में बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और कानूनों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में पुलिस ने बच्चों को शोषण, उत्पीड़न और किसी भी तरह के अपराध की स्थिति में बिना डरे पुलिस की मदद लेने के लिए प्रेरित किया। संवाद के दौरान बच्चों ने भी खुलकर सवाल पूछे। उन्होंने जानना चाहा कि यदि कोई बच्चा होटल या ढाबे पर मजदूरी करता मिले तो उसकी मदद कैसे की जा सकती है, किसी नाबालिग बच्ची की जबरन शादी कराई जा रही हो तो पुलिस क्या कार्रवाई करेगी, क्या बच्चे माता-पिता के बिना भी पुलिस से शिकायत कर सकते हैं और सोशल मीडिया पर कोई धमकी दे तो क्या कदम उठाने चाहिए। पुलिस अधिकारियों ने हर सवाल का जवाब देते हुए संबंधित कानूनी प्रावधानों और सहायता के तरीकों को विस्तार से समझाया। बच्चों को यह भी बताया गया कि जरूरत पड़ने पर पुलिस और संबंधित हेल्पलाइन की सहायता ली जा सकती है। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने के साथ उनमें सुरक्षा की भावना, आत्मविश्वास और कानून के प्रति समझ विकसित करना रहा। पुलिस संवाद के माध्यम से बच्चों को यह संदेश दिया गया कि किसी भी गलत घटना को छिपाने के बजाय उसकी जानकारी जिम्मेदार लोगों और पुलिस को अवश्य दें। इस अवसर पर उपनिरीक्षक नितिन कुमार, अखंड ज्योति ट्रस्ट की अध्यक्ष एवं अधिवक्ता प्रियंका आर्य, प्रधानाचार्य संत कुमार धामा, निशि मलिक, गायत्री, मीनू धीमान, मूवी, सुचिंद्र नारायण यादव, तनु यादव, रितु और श्रीभगवान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।