दिल्ली आम महोत्सव में रटौल के आम की धूम
दिल्ली में आयोजित 34वें आम महोत्सव में बागपत जनपद के रटौल गांव से लाए गए आमों ने दर्शकों और विशेष अतिथियों का दिल जीत लिया। रटौल आम अपने अनोखे स्वाद और भीनी खुशबू के चलते प्रदर्शनी में आकर्षण का केंद्र बना रहा।
दिल्ली आम महोत्सव में रटौल के आम की धूम
– स्वाद और खुशबू ने जीता लोगों का दिल
– वीआईपी मेहमानों ने भी की जमकर तारीफ
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
दिल्ली में आयोजित 34वें आम महोत्सव में बागपत जनपद के रटौल गांव से लाए गए आमों ने दर्शकों और विशेष अतिथियों का दिल जीत लिया। रटौल आम अपने अनोखे स्वाद और भीनी खुशबू के चलते प्रदर्शनी में आकर्षण का केंद्र बना रहा।
यह महोत्सव 27 जून से 29 जून तक दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया। देशभर से आए आम उत्पादकों ने लगभग 290 किस्मों के आम प्रदर्शनी में पेश किए। रटौल से पहुंचे आम उत्पादक हबीब खान और चौधरी गुलाम रब्बानी ने अपने-अपने स्टॉल लगाए, जहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी।दर्शकों ने न सिर्फ रटौल आम का स्वाद लिया, बल्कि इसके इतिहास, विशेषताओं और अंतरराष्ट्रीय पहचान को लेकर भी उत्सुकता जताई। चौधरी गुलाम रब्बानी और हबीब खान ने बताया कि रटौल आम अपनी विशिष्ट मिठास और खुशबू के कारण देश ही नहीं, विदेशों में भी काफी लोकप्रिय है। महोत्सव के अंतिम दिन यानी 29 जून को सर्वश्रेष्ठ आम का चयन कर प्रथम स्थान प्राप्त आम की घोषणा की जाएगी। रटौल आम की लोकप्रियता को देखते हुए उत्पादक इस बार शीर्ष स्थान की उम्मीद लगाए बैठे हैं।