आदर्श पब्लिक स्कूल में बच्चों ने चलचित्र के माध्यम से जानी अंतरिक्ष की रोमांचक दुनिया
खेकड़ा कस्बे के आदर्श पब्लिक स्कूल में शनिवार को द्वितीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों को नेहरू तारामंडल की तर्ज पर तैयार किए गए चलचित्र के माध्यम से अंतरिक्ष की सैर कराई गई। बच्चों ने सौरमंडल, तारे, ग्रह, आकाशगंगा, धूमकेतु और पृथ्वी जैसे अनेक खगोलीय पिंडों को कृत्रिम रूप से बनाए गए विजुअल्स के माध्यम से करीब से देखा।
आदर्श पब्लिक स्कूल में बच्चों ने चलचित्र के माध्यम से जानी अंतरिक्ष की रोमांचक दुनिया
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
कस्बे के आदर्श पब्लिक स्कूल में शनिवार को द्वितीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों को नेहरू तारामंडल की तर्ज पर तैयार किए गए चलचित्र के माध्यम से अंतरिक्ष की सैर कराई गई। बच्चों ने सौरमंडल, तारे, ग्रह, आकाशगंगा, धूमकेतु और पृथ्वी जैसे अनेक खगोलीय पिंडों को कृत्रिम रूप से बनाए गए विजुअल्स के माध्यम से करीब से देखा।
अंतरिक्ष के रहस्यों से रूबरू होकर बच्चे बेहद उत्साहित नजर आए। संगोष्ठी के दौरान बच्चों ने अपने विचार साझा किए और शिक्षिकाओं से अपनी जिज्ञासाएं भी दूर कीं। कार्यक्रम में शिक्षकों ने बताया कि भारत सरकार ने चंद्रयान-3 मिशन की ऐतिहासिक सफलता के बाद 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के रूप में घोषित किया था। वक्ताओं ने कहा कि भारत दुनिया का पहला देश है, जिसने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक लैंडिंग कर इतिहास रच दिया। इस बार का अंतरिक्ष दिवस इसलिए भी खास रहा क्योंकि हाल ही में भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला 20 दिन अंतरिक्ष में बिताकर लौटे हैं, जो देश के लिए गौरव का क्षण है। शिक्षिकाओं ने बच्चों के हर सवाल का सरल भाषा में उत्तर देकर उनकी जिज्ञासा शांत की। कार्यक्रम के अंत में बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों ने भारतीय अंतरिक्ष वैज्ञानिकों के प्रयासों के लिए सामूहिक आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधक नरेश शर्मा, अध्यक्ष नितिन जैन, प्रधानाचार्या कोमल शर्मा समेत पूरा स्टाफ, अभिभावक और बच्चे मौजूद रहे।