बोले न्यायाधीश, वृद्ध बंदियों का रखा जाए विशेष ख्याल
जनपद न्यायाधीश मनोज कुमार, जिलाधिकारी अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बुधवार को जिला कारागार बागपत का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और 70 वर्ष से अधिक आयु के बंदियों से संवाद कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की। चिकित्सक को निर्देश दिए गए कि वृद्ध बंदियों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाए।
बोले न्यायाधीश, वृद्ध बंदियों का रखा जाए विशेष ख्याल
- जनपद न्यायाधीश व जिलाधिकारी ने किया जिला कारागार का निरीक्षण
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
जनपद न्यायाधीश मनोज कुमार, जिलाधिकारी अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बुधवार को जिला कारागार बागपत का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और 70 वर्ष से अधिक आयु के बंदियों से संवाद कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की। चिकित्सक को निर्देश दिए गए कि वृद्ध बंदियों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान महिला बैरक, चिकित्सालय, पाकशाला और हाई सिक्योरिटी बैरक का गहन निरीक्षण किया गया। महिला बंदियों से उनके खानपान व समस्याओं की जानकारी ली गई और कैदियों के बच्चों से स्नेहपूर्ण वार्ता भी की गई। जिला जज ने निर्देश दिया कि जिन महिला बंदियों के पास अधिवक्ता उपलब्ध नहीं हैं, उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता सुनिश्चित कराई जाए।
अस्पताल वार्ड का निरीक्षण कर अधिकारियों ने कैदियों के स्वास्थ्य परीक्षण को नियमित करने पर जोर दिया। पाकशाला के निरीक्षण में भोजन चार्ट के अनुरूप व्यवस्था सही पाई गई। जेल प्रशासन को निर्देशित किया गया कि सभी कैदियों को समय पर शुद्ध भोजन और नाश्ता उपलब्ध कराया जाए और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक कस्तूरी लाल गुप्ता, जेलर और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


