गाजियाबाद से बड़ी खबर : 35 अधिकारियों का वेतन रोका गया
लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को सबक सिखाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने 35 अधिकारियों का वेतन रोक दिया है। ये कार्रवाई जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांडण के द्वारा की गई है।
तेजेश चौहान, तेजस गाजियाबाद
गाजियाबाद से बड़ी खबर : 35 अधिकारियों का वेतन रोका गया
गाजियाबाद।
जिला प्रशासन ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को सबक सिखाने के उद्देश्य से 35 अधिकारियों का वेतन रोक दिया है। ये कार्रवाई जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांडण के द्वारा की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार शासन की ओर से आम लोगों की शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु आईजीआरएस (जन सुनवाई पोर्टल) पर निरंतर मॉनिटरिंग की जाती है। लेकिन 1 सितम्बर 2025 से 30 सितम्बर 2025 तक जिन अधिकारियों द्वारा दर्ज शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण नहीं किया गया उनके विरुद्ध यह एक्शन लिया गया है।
जिलाधिकारी के द्वारा दिए गए आदेश में साफ तौर पर कहा गया है कि संबंधित अधिकारियों द्वारा निस्तारण न करने अथवा मनमाने तरीके से निस्तारण करने से शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं हुए और आईजीआरएस पोर्टल पर इन अधिकारियों के नाम के सामने संतुष्ट फीडबैक का प्रतिशत शून्य (0) दर्ज हुआ। इस तरह की कार्यवाही से जिला प्रशासन पूरी तरह से असंतुष्ट दिखाई दिया यानी इस मामले में लापरवाही मानते हुए अधिकारियों का मासिक वेतन अगले आदेश तक रोक दिया गया है।
जिन विभागों और कार्यालयों के अधिकारियों पर यह कार्रवाई की गई है, उनमें प्रमुख रूप से जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, विद्युत विभाग, नगर निगम गाजियाबाद, पंचायती राज विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग, बैकवर्ड क्लास वेलफेयर दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, पंचायत राज, समाज कल्याण,महिला कल्याण विभाग, आदि शामिल हैं। जिन 35 अधिकारियों का वेतन रोका गया है उनका नाम आईजीआरएस पोर्टल पर भी सार्वजनिक किया गया है।