लटकती हाई टेंशन केबल बनी हादसे का खतरा
खेकड़ा कस्बे के रेलवे रोड और मुख्य बाजार क्षेत्र में बिजली आपूर्ति के लिए लगाई गई उच्च क्षमता की केबल लाइन अब लोगों के लिए खतरे का सबब बन गई है। खंभों के बीच दूरी अधिक होने के कारण कई स्थानों पर केबल नीचे लटक गई है, जो वाहनों से टकरा रही है। इससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
लटकती हाई टेंशन केबल बनी हादसे का खतरा
- रेलवे रोड और बाजार क्षेत्र में वाहनों से टकरा रही बिजली लाइन, लोगों में आक्रोश
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
कस्बे के रेलवे रोड और मुख्य बाजार क्षेत्र में बिजली आपूर्ति के लिए लगाई गई उच्च क्षमता की केबल लाइन अब लोगों के लिए खतरे का सबब बन गई है। खंभों के बीच दूरी अधिक होने के कारण कई स्थानों पर केबल नीचे लटक गई है, जो वाहनों से टकरा रही है। इससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
कस्बे को विद्युत उपकेंद्र से दो फीडरों के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जाती है। इनमें से प्रथम फीडर रेलवे रोड, मुख्य बाजार, दलित बस्ती, बाल्मीकि बस्ती, मोहल्ला रामपुर और रेलवे लाइन क्षेत्र को बिजली देता है। पहले यह लाइन खेतों से होकर गुजरती थी, जिससे पेड़-पौधों, बंदरों और पक्षियों के कारण बार-बार फॉल्ट आने की समस्या रहती थी। इस समस्या से निजात पाने के लिए विभाग ने चालू माह की शुरुआत में यादव चौक से रेलवे रोड तक नई उच्च क्षमता की केबल लाइन बिछवाई थी। इससे बिजली आपूर्ति तो सुचारू हो गई, लेकिन खंभों की दूरी अधिक रहने से केबल कई जगह झुककर नीचे लटक गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूली बसें और ऊंचे वाहन इससे रगड़कर गुजरते हैं, जिससे केबल की रबर उतर चुकी है और करंट लगने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कई बार लाइन को दुरुस्त कराने की मांग की, परंतु अब तक सुधार नहीं किया गया है, जिससे क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है। विभागीय जेई ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा अपने घरों के पास बिजली के खंभे लगाए जाने पर आपत्ति जताई जा रही है, जिसके कारण खंभों के बीच की दूरी अधिक रह गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल इस केबल लाइन से आपूर्ति बंद कर दी गई है और पुराने फीडर से बिजली दी जा रही है। जेई ने कहा कि जैसे ही खंभे लगाने का कार्य पूरा होगा, लाइन को दुरुस्त कर पुनः चालू कर दिया जाएगा।