शादी के एक हफ्ते बाद दुल्हन नकदी-जेवर समेटकर फरार

खेकड़ा ब्लॉक क्षेत्र के ललियाना गांव में एक युवक की नई-नवेली शादी ने फिल्मी मोड़ ले लिया। शादी के सिर्फ सात दिन बाद ही उसकी पत्नी 50 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गई। हैरानी की बात यह कि पत्नी को लेने आए उसके भाई, मां और बहन भी साथ में गायब हो गए। पीड़ित पति अपनी भागी हुई दुल्हन की तलाश में दर-दर भटक रहा है, मगर कोई सुराग नहीं मिल रहा।

शादी के एक हफ्ते बाद दुल्हन नकदी-जेवर समेटकर फरार

शादी के एक हफ्ते बाद दुल्हन नकदी-जेवर समेटकर फरार
- भाई मां बहन के साथ हुई फरार, पति परेशान
- अब दहेज केस का भी डर
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
ब्लॉक क्षेत्र के ललियाना गांव में एक युवक की नई-नवेली शादी ने फिल्मी मोड़ ले लिया। शादी के सिर्फ सात दिन बाद ही उसकी पत्नी 50 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गई। हैरानी की बात यह कि पत्नी को लेने आए उसके भाई, मां और बहन भी साथ में गायब हो गए। पीड़ित पति अपनी भागी हुई दुल्हन की तलाश में दर-दर भटक रहा है, मगर कोई सुराग नहीं मिल रहा।
पीड़ित युवक के अनुसार उसकी शादी दिल्ली के मजनू का टीला निवासी एक युवती से हुई थी। आरोप है कि शादी कराने के नाम पर गांव के ही एक बिचौलिए ने उससे दो लाख रुपये भी लिए थे। शादी की रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन ललियाना में ससुराल आ गई और एक सप्ताह तक सब कुछ सामान्य रहा। इसके बाद दुल्हन का परिवार उसे यह कहकर लेने आया कि कुछ जरूरी काम है। हंसी-खुशी दुल्हन उनके साथ चली गई, लेकिन उसके जाते ही पीड़ित पति के होश उड़ गए। कमरे में रखी नकदी व जेवरात गायब मिले। युवक जब तुरंत दिल्ली मजनू का टीला पहुंचा तो वहां न दुल्हन मिली, न उसका परिवार। पड़ोसियों से पता चला कि वे किराएदार थे और अचानक मकान खाली करके चले गए। पीड़ित और उसके परिजन अब इधर-उधर उसकी खोज में भटक रहे हैं, लेकिन कोई जानकारी हाथ नहीं लग रही। थाना प्रभारी अतर सिंह ने बताया कि अभी तक उन्हें इस मामले की कोई औपचारिक जानकारी नहीं मिली है।
बिचौलिया भी मोबाइल बंद कर फरार
पीड़ित ने बताया कि शादी का सौदा कराने वाला बिचौलिया भी अब गायब है और उसका मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ मिल रहा है।
अब दहेज केस का डर
दुल्हन की फरारी से परेशान पति को अब यह भी चिंता सताने लगी है कि कहीं वह बाद में उल्टा दहेज का मुकदमा न दर्ज करा दे, जिससे उसकी मुसीबतें और बढ़ सकती हैं। गांव में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे शादी नहीं, ठगी का मामला बता रहे हैं।