राहगीरों की सतर्कता और फायर ब्रिगेड की मुस्तैदी से टला बाजार में बड़ा अग्निकांड
खेकड़ा कस्बे के मुख्य बाजार में मंगलवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हार्डवेयर व्यापारी राकेश जैन की दुकान में बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग भड़क उठी। आग तेजी से विकराल रूप ले रही थी, लेकिन राहगीरों की सतर्कता, स्थानीय व्यापारियों की तत्परता और फायर ब्रिगेड की समय पर कार्रवाई ने पूरे बाजार को बड़ी तबाही से बचा लिया। यदि आग कुछ देर और बेकाबू रहती तो दर्जनों दुकानें इसकी चपेट में आ सकती थीं।
राहगीरों की सतर्कता और फायर ब्रिगेड की मुस्तैदी से टला बाजार में बड़ा अग्निकांड
- हार्डवेयर व्यापारी राकेश जैन की दुकान में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, लाखों का सामान राख
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
कस्बे के मुख्य बाजार में मंगलवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हार्डवेयर व्यापारी राकेश जैन की दुकान में बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग भड़क उठी। आग तेजी से विकराल रूप ले रही थी, लेकिन राहगीरों की सतर्कता, स्थानीय व्यापारियों की तत्परता और फायर ब्रिगेड की समय पर कार्रवाई ने पूरे बाजार को बड़ी तबाही से बचा लिया। यदि आग कुछ देर और बेकाबू रहती तो दर्जनों दुकानें इसकी चपेट में आ सकती थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात बाजार से गुजर रहे लोगों की नजर दुकान से उठते धुएं और आग की लपटों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते लोग आग बुझाने में जुट गए और फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा हार्डवेयर का भारी मात्रा में सामान जलकर राख हो चुका था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार व्यापारी को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना के बाद बाजार के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। उनका कहना है कि बाजार में कई स्थानों पर पुराने और जर्जर बिजली के तार हादसों को न्योता दे रहे हैं। व्यापारियों ने विद्युत विभाग से बाजार की बिजली व्यवस्था का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कुछ मिनट और देर हो जाती तो आग आसपास की दुकानों तक फैल जाती और बाजार में करोड़ों रुपये की संपत्ति राख हो सकती थी। लोगों की सतर्कता ने एक संभावित बड़े अग्निकांड को टाल दिया।