पावर फेल होने से रातभर खेकड़ा स्टेशन पर खड़ी रही यात्री ट्रेन, ठंड से जूझते रहे यात्री
पावर फेल होने के कारण सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली सीएनजी यात्री ट्रेन संख्या 54027 पूरी रात विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रही, जिससे उसमें सवार यात्रियों को कड़ाके की ठंड में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पावर फेल होने से रातभर खेकड़ा स्टेशन पर खड़ी रही यात्री ट्रेन, ठंड से जूझते रहे यात्री
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
पावर फेल होने के कारण सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली सीएनजी यात्री ट्रेन संख्या 54027 पूरी रात विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रही, जिससे उसमें सवार यात्रियों को कड़ाके की ठंड में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
उक्त यात्री ट्रेन पहले अग्रवाल मंदिर टटीरी रेलवे स्टेशन पर रोकी गई और उसके बाद खेकड़ा रेलवे स्टेशन पर लाकर खड़ी कर दी गई। ट्रेन का खेकड़ा स्टेशन पर निर्धारित आगमन समय देर शाम करीब दस बजे था, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते यह ट्रेन सुबह दो बजे के बाद स्टेशन पर पहुंची और वहीं घंटों खड़ी रही। रातभर ट्रेन में ही फंसे यात्रियों को ठंड से बचने के लिए खासा संघर्ष करना पड़ा। सुबह करीब छह बजे दिल्ली से दूसरा इंजन खेकड़ा स्टेशन पर पहुंचा, जिसके बाद ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना किया जा सका। ट्रेन के खड़े रहने का असर अन्य रेल यातायात पर भी पड़ा। सुबह करीब चार बजे दिल्ली जाने वाली एक अन्य यात्री ट्रेन को भी खेकड़ा रेलवे स्टेशन पर दो घंटे से अधिक समय तक रोकना पड़ा, जिससे यात्रियों की परेशानियां और बढ़ गईं। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन की अव्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए ऐसी स्थिति से बचने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं किए जाने की मांग की।