घने कोहरे में एलिवेटिड हाईवे बना हादसों का हॉटस्पॉट
दिल्ली–देहरादून ग्रीन एक्सप्रेसवे के खेकड़ा–अक्षरधाम एलिवेटिड हाईवे पर मंगलवार सुबह घने कोहरे ने बड़ा कहर बरपा दिया। हसनपुर मसूरी गांव के समीप दृश्यता बेहद कम होने के कारण करीब दो दर्जन वाहन आपस में भिड़ गए, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
घने कोहरे में एलिवेटिड हाईवे बना हादसों का हॉटस्पॉट
- खेकड़ा-अक्षरधाम मार्ग पर 24 वाहन टकराए, 25 से अधिक घायल
बागपत, तेजस न्यूज रिपोर्टर
दिल्ली–देहरादून ग्रीन एक्सप्रेसवे के खेकड़ा–अक्षरधाम एलिवेटिड हाईवे पर मंगलवार सुबह घने कोहरे ने बड़ा कहर बरपा दिया। हसनपुर मसूरी गांव के समीप दृश्यता बेहद कम होने के कारण करीब दो दर्जन वाहन आपस में भिड़ गए, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
हादसे में 25 से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें सद्दाम, युसुफ समेत कई को गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर काफी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारु कराया। बताया गया कि मंगलवार सुबह क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे हाईवे पर दृश्यता बेहद कम हो गई थी। तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगने के कारण एक के बाद एक वाहन टकराते चले गए। गौरतलब है कि अक्षरधाम दिल्ली से खेकड़ा तक एलिवेटिड मार्ग को एक नवंबर को आम जनता के लिए खोला गया था, जिससे बागपत और शामली जनपद के लोगों को दिल्ली पहुंचने में मात्र 20 मिनट का समय लग रहा है। हालांकि, कोहरे के मौसम में यह हाईवे लगातार दुर्घटनाओं का कारण बनता जा रहा है। बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व भी इसी मार्ग पर घने कोहरे के चलते दर्जनों वाहन आपस में टकरा गए थे, जिसमें कई लोग घायल हुए थे। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से यात्रियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। प्रशासन से हाईवे पर कोहरे के दौरान स्पीड कंट्रोल, चेतावनी संकेतक और पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग उठने लगी है।