बिजली विभाग की लापरवाही से गोवंश की मौत, जिला कारागार की बत्ती गुल; ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
जर्जर बिजली तारों की अनदेखी अब्दुल्लापुर गांव में एक बड़े हादसे की वजह बन गई। शुक्रवार देर रात जिला कारागार के सामने से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर खेतों में गिर गया, जिसकी चपेट में आने से शनिवार सुबह एक गोवंश की तड़प-तड़पकर मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के चलते जिला कारागार की विद्युत आपूर्ति भी ठप रही।
बिजली विभाग की लापरवाही से गोवंश की मौत, जिला कारागार की बत्ती गुल; ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
जर्जर बिजली तारों की अनदेखी अब्दुल्लापुर गांव में एक बड़े हादसे की वजह बन गई। शुक्रवार देर रात जिला कारागार के सामने से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर खेतों में गिर गया, जिसकी चपेट में आने से शनिवार सुबह एक गोवंश की तड़प-तड़पकर मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के चलते जिला कारागार की विद्युत आपूर्ति भी ठप रही।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार सुबह मौके पर एकत्रित होकर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर हंगामा किया। ग्रामीण योगेश शर्मा, गंगेश्वर शर्मा, दयानंद शर्मा और विनोद शर्मा ने आरोप लगाया कि कारागार को सप्लाई देने वाली यह लाइन लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। लगातार शिकायतों के बावजूद अधिकारियों ने सुध नहीं ली। खेतों में करंट फैलने के खौफ से मजदूर काम करने को तैयार नहीं हैं, जिससे खेती-किसानी भी प्रभावित हो रही है। मामले पर खेकड़ा बिजलीघर के जेई राजीव कुमार का कहना है कि हाईटेंशन लाइन के आगे की देखरेख की जिम्मेदारी जेल प्रशासन की है। हालांकि, स्थिति को देखते हुए लाइनमैन को मौके पर भेजकर मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया है। बाद में आक्रोशित किसानों ने खुद जेसीबी का इंतजाम कर गड्ढा खुदवाया और मृत गोवंश को दफनाया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जर्जर तारों को बदलकर स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।