बड़ागांव टोल पर ड्यूटी कर रहे हेड कांस्टेबल से मारपीट, वर्दी फाड़ी
बड़ागांव टोल प्लाजा पर ड्यूटी के दौरान एक हेड कांस्टेबल के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बड़ागांव टोल पर ड्यूटी कर रहे हेड कांस्टेबल से मारपीट, वर्दी फाड़ी
- रॉन्ग साइड से आए कार सवार युवकों ने की दबंगई, पुलिस जुटी तलाश में
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
बड़ागांव टोल प्लाजा पर ड्यूटी के दौरान एक हेड कांस्टेबल के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पूर्वी यमुना नहर पुलिस चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल अजय त्यागी बुधवार रात टोल पर अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। इसी दौरान रॉन्ग साइड से दो कारें वहां पहुंचीं, जिनमें पांच-छह युवक सवार थे। हेड कांस्टेबल ने उन्हें रोककर सही दिशा से चलने की हिदायत दी। उस समय युवक वहां से चले गए, लेकिन कुछ ही देर बाद वापस लौट आए। लौटते ही युवकों ने हेड कांस्टेबल के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया और जमकर मारपीट की। इतना ही नहीं, दबंग युवकों ने उनकी वर्दी तक फाड़ दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी कारों में सवार होकर फरार हो चुके थे। मारपीट में घायल हेड कांस्टेबल को अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार दिलाया गया। कोतवाल प्रभाकर कैंतूरा ने बताया कि अज्ञात कार सवार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक कार का नंबर पुलिस के हाथ लगा है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।