चिया सीड की खेती से किसान कमा सकते हैं बेहतर मुनाफा
बागपत जिले में किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से चिया सीड की खेती को बढ़ावा देने की पहल शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन के प्रयासों से किसानों ने इस नई फसल की खेती की ओर कदम बढ़ाना शुरू कर दिया है, जिसकी शुरुआत रटौल कस्बे से हो रही है।
चिया सीड की खेती से किसान कमा सकते हैं बेहतर मुनाफा
- बागपत में नई पहल, रटौल से शुरू हुई तैयारी
बागपत, तेजस न्यूज रिपोर्टर
जिले में किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से चिया सीड की खेती को बढ़ावा देने की पहल शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन के प्रयासों से किसानों ने इस नई फसल की खेती की ओर कदम बढ़ाना शुरू कर दिया है, जिसकी शुरुआत रटौल कस्बे से हो रही है।
जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने गुरुवार को किसानों को जिला मुख्यालय पर आमंत्रित कर उन्हें चिया सीड के बीज वितरित किए और इसकी खेती के लिए प्रेरित किया। चिया सीड अपने पोषक तत्वों के कारण देशभर में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और इसकी मांग लगातार बढ़ रही है। इसी को देखते हुए बागपत में इसकी खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। रटौल निवासी किसान हबीब खान ने सबसे पहले इसकी खेती शुरू करने की पहल की है और तैयारी में जुट गए हैं। जिला उद्यान अधिकारी निधि ने बताया कि चिया सीड की फसल से किसान प्रति बीघा लगभग दो कुंतल उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। बाजार में इसकी कीमत 15 से 20 हजार रुपये प्रति कुंतल तक है, जिससे कम लागत में अच्छा मुनाफा संभव है। वहीं कृषि अधिकारी महेश के अनुसार, चिया सीड की खेती बरसीम की तरह की जाती है और इसमें पानी की भी कम आवश्यकता होती है। एक एकड़ में लगभग दो किलो बीज की जरूरत होती है। इस दौरान किसानों को फसल के लाभ और तकनीकी जानकारी भी दी गई। क्षेत्र के अन्य किसान भी इस नई पहल से जुड़ने के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं।