गन्ना सर्वे की पारदर्शिता को परखा, उपसभापति ने खेतों में पहुंचकर किया निरीक्षण
गन्ना सर्वे कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बागपत चीनी मिल के उपसभापति कृष्णपाल चेयरमेन ने गुरुवार को सुभानपुर अब्दुलपुर गांव के जंगल क्षेत्र में पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और सर्वे कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
गन्ना सर्वे की पारदर्शिता को परखा, उपसभापति ने खेतों में पहुंचकर किया निरीक्षण
- किसानों से संवाद कर समस्याएं सुनीं, सर्वे टीम को दिए आवश्यक निर्देश
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
गन्ना सर्वे कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बागपत चीनी मिल के उपसभापति कृष्णपाल चेयरमेन ने गुरुवार को सुभानपुर अब्दुलपुर गांव के जंगल क्षेत्र में पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और सर्वे कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उपसभापति के साथ मुख्य गन्ना अधिकारी अंकित चौधरी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सर्वे टीम द्वारा किए जा रहे कार्य का मौके पर सत्यापन कराया। सुपरवाइजर सुभाष अवाना द्वारा मशीन से की गई पैमाइश को फीते से नापकर मिलान किया गया, जिसमें दोनों आंकड़े समान पाए गए। सुपरवाइजर ने बताया कि उनके क्षेत्र में लगभग 600 हेक्टेयर भूमि का सर्वे किया जाना है, जिसमें से अब तक 350 हेक्टेयर क्षेत्र का सर्वे पूरा किया जा चुका है। अधिकारियों ने शेष कार्य भी निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कृष्णपाल चेयरमेन ने किसानों को गन्ने की 0238 प्रजाति में फैल रहे कंसुआ रोग के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने रोग नियंत्रण के लिए कोराजीन दवा के उपयोग की जानकारी दी और समय रहते आवश्यक उपाय अपनाने का आह्वान किया। निरीक्षण के दौरान यमुना खादर क्षेत्र के किसानों ने बंदरों द्वारा गन्ने की फसल को नुकसान पहुंचाने की समस्या भी उठाई। इस पर उपसभापति ने किसानों को फसल की निगरानी बढ़ाने तथा आवश्यकता पड़ने पर लंगूरों की व्यवस्था कर बंदरों को खेतों से दूर रखने की सलाह दी। उन्होंने सर्वे टीम को निर्देशित किया कि प्रत्येक खेत का सर्वे किसान की उपस्थिति में ही किया जाए तथा सर्वे पूर्ण होने के बाद किसान को संबंधित सर्वे पर्ची भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो। इस अवसर पर किसान रजनीश, प्रवीण, आदित्य, रामपाल, जितेंद्र, मिंटू सहित क्षेत्र के कई किसान मौजूद रहे।