तेजस न्यूज संवाददाता
इंदिरापुरम में भीषण आग: सैकड़ों झुग्गियां और कबाड़ के गोदाम खाक, 4 :30 घंटे से जूझ रही दमकल टीम
गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनावनी इलाके में गुरुवार दोपहर उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब करीब सैकड़ों झुग्गियों और कबाड़ के गोदामों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार छा गया और लोगों में भगदड़ मच गई।
स्थानीय लोगों ने शुरुआत में अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। इसके बाद तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
मामले की जानकारी देते हुए फायर ऑफिसर राहुल पाल ने बताया कि दोपहर करीब 12:15 बजे कनावनी स्थित झुग्गियों और कबाड़ के गोदामों में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए करीब दो दर्जन से अधिक फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। इसके अलावा प्राइवेट कंपनियों की दमकल गाड़ियों को भी सहायता के लिए बुलाया गया।
उन्होंने बताया कि आग बुझाने के दौरान दमकल कर्मियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, क्योंकि झुग्गियों में रखे गैस सिलेंडर एक-एक कर फटने लगे। बड़ी संख्या में सिलेंडर ब्लास्ट होने से आग और भी भड़क गई, जिससे हालात और ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो गए।
दमकल विभाग की टीम लगातार करीब चार घंटे से आग पर काबू पाने में जुटी रही। हालांकि, देर शाम तक आग पर आंशिक रूप से नियंत्रण पाया जा सका, लेकिन पूरी तरह बुझाने का प्रयास जारी रहा।
प्रारंभिक जांच में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, जो राहत की बात है। हालांकि, आग पूरी तरह बुझने के बाद ही पूरे क्षेत्र की सघन तलाशी ली जाएगी और नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इलाके में 100 से अधिक झुग्गियां और कबाड़ के गोदाम मौजूद थे, जो आग की चपेट में आए हैं।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। आग लगने के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।