स्कूल में बच्चों को टीबी के प्रति किया जागरूक, स्वास्थ्य विभाग का अभियान जारी
तपेदिक (टीबी) उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में शुक्रवार को विशेष जागरूकता अभियान चलाकर स्कूली बच्चों को टीबी के प्रति जागरूक किया गया।
स्कूल में बच्चों को टीबी के प्रति किया जागरूक, स्वास्थ्य विभाग का अभियान जारी
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
तपेदिक (टीबी) उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में शुक्रवार को विशेष जागरूकता अभियान चलाकर स्कूली बच्चों को टीबी के प्रति जागरूक किया गया।
कम्पोजिट विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान टीबी विभाग के सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर शीशपाल ने बच्चों को टीबी के लक्षण, इसके फैलने के कारण, बचाव के उपाय और समय पर उपचार की महत्ता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को बताया कि समय रहते जांच और नियमित दवा से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है। इस दौरान बच्चों ने टीबी से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने सरल और स्पष्ट तरीके से जवाब दिया। स्वास्थ्य टीम ने बच्चों को साफ-सफाई, पौष्टिक आहार और खांसी-जुकाम के दौरान सावधानी बरतने की भी सलाह दी। कार्यक्रम में आरबीएसके टीम के शिवसरन, पंकज जोशी, प्रधानाध्यापिका रीना शर्मा, ब्रिजेश कुमार सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि बच्चों के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक टीबी उन्मूलन का संदेश पहुंचे और देश को इस बीमारी से मुक्त बनाया जा सके।